ऑफिस में कुर्सी खाली और फाइलें बंद! कमिश्नर के अचानक छापे में खुली लापरवाही, 3 कर्मचारियों पर गिरी गाज
ड्यूटी टाइम में गायब कर्मचारी और महीनों से अटकी फाइलें… सख्त रुख में निगम कमिश्नर ने थमाए शो-कॉज नोटिस

बिलासपुर। नगर निगम मुख्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने अचानक औचक निरीक्षण कर दिया। शाम करीब 4:30 बजे विकास भवन पहुंचे कमिश्नर ने जैसे ही शाखाओं का जायजा लेना शुरू किया, कई चौंकाने वाली लापरवाहियां सामने आ गईं। ड्यूटी के समय कर्मचारी सीट से गायब मिले और कई जरूरी फाइलें लंबित पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान योजना शाखा के दो कर्मचारी अपनी सीट से नदारद मिले। इस पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि काम में ढिलाई और अनुशासनहीनता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी तरह पीएम आवास शाखा में भी कई आवेदन लंबे समय से लंबित पाए गए। पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ देने में हो रही देरी पर कमिश्नर ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित क्लर्क को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
भवन शाखा में लंबित भवन अनुज्ञा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं पहले दिए गए आदेश के बावजूद विभागों के बाहर सूचना पट्टिका नहीं लगाए जाने पर स्टोर प्रभारी को भी कारण बताओ नोटिस थमाया गया।
निरीक्षण के दौरान दफ्तर की साफ-सफाई और फाइलों के रख-रखाव की स्थिति पर भी सवाल उठे। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर को व्यवस्थित और स्वच्छ रखा जाए, ताकि कामकाज में तेजी आए और आम नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
इस अचानक कार्रवाई के बाद निगम कार्यालय में कर्मचारियों के बीच खौफ का माहौल है। साफ संकेत है कि अब लापरवाही पर सीधा एक्शन होगा और आने वाले दिनों में ऐसे और भी औचक निरीक्षण हो सकते हैं।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






