छत्तीसगढ़

CG News: हाथियों का उत्पात, फार्म हाउस और खेतों को पहुंचाया भारी नुकसान, वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की कर रही निगरानी 

गौरेला पेंड्रा मरवाही। मरवाही वन मंडल क्षेत्र में चार हाथियों का दल लगातार उत्पात मचा रहा है। बीती रात हाथियों का समूह जंगल से निकलकर रिहायशी इलाके में पहुंच गया तो सुबह के समय एक फार्म हाउस सहित आसपास के खेतों में जमकर नुकसान पहुंचाया। हाथियों की मौजूदगी से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है और प्रभावित लोगों को नुकसान का मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार देर रात चार हाथियों का दल मरवाही के नर्सरी के आसपास ग्रामीण इलाकों में पहुंच गया। इसके बाद यह हाथियों ने मरवाही निवासी दीपक जायसवाल के फार्म हाउस में प्रवेश कर भारी नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने सबसे पहले फार्म हाउस की बाउंड्रीवाल को तोड़ दिया और परिसर के भीतर घुस गए। इसके बाद उन्होंने वहां रखे आम को तहस-नहस कर दिया। हाथियों के उत्पात से फार्म हाउस को काफी नुकसान पहुंचा है।
हाथियों का दल यहीं नहीं रुका, बल्कि आसपास के खेतों में पहुंचकर खड़ी फसलों को भी रौंद दिया। किसानों के अनुसार खेतों में लगी फसलों को नुकसान होने से उन्हें आर्थिक क्षति उठानी पड़ेगी। ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। लगातार हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथियों के दल की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। वन अमला हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

वन विभाग ने यह भी बताया कि जिन लोगों की संपत्ति और फसलों को नुकसान पहुंचा है, उनके लिए तत्काल मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को नियमानुसार सहायता राशि प्रदान की जाएगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के नजदीक न जाएं और किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button