बलरामपुर में हाथी का कहर: दंपती को दौड़ाकर कुचला, दोनों की मौके पर मौत
बलरामपुर में हाथी का कहर: दंपती को दौड़ाकर कुचला, दोनों की मौके पर मौत
बलरामपुर. छत्तीसगढ़ में पिछले 30 घंटे के भीतर हाथी के हमले में 4 लोगों की मौत हो गई। बलरामपुर में मंगलवार सुबह जंगल जा रहे पति-पत्नी को हाथी ने कुचल कर मार डाला। इस घटना के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। घटना राजपुर वन परिक्षेत्र की है। कोरिया में गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व इलाके में रविवार देर रात दंतैल हाथी ने सड़क निर्माण में लगे 2 मजदूरों पर हमला कर उन्हें मार डाला। दोनों मजदूर रात को सड़क किनारे सो रहे थे। घटना सोनहत वन परिक्षेत्र की है।
बलरामपुर जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र की है। ग्राम कुंदी के बांधपारा में रहने वाले जूठन गोंड़ (65) अपनी पत्नी सुंदरी बाई (56) के साथ मंगलवार सुबह करीब 5 बजे घर से कुछ दूर स्थित जंगल की ओर जा रहे थे। घर से करीब 200 मीटर दूर पहुंचने पर दंपती का सामना एक दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने उनका पीछा कर लिया और दौड़ाकर दोनों को कुचल दिया।
मौके पर तोड़ा दम, पहुंचे अधिकारी
जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घटना की जानकारी वन अमले को दी। एसडीओ फॉरेस्ट आरएसएल श्रीवास्तव, रेंजर अजय वर्मा सहित टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
5 हाथियों का दल घूम रहा
रेंजर अजय वर्मा ने बताया कि 5 हाथियों का एक दल कल्याणपुर जंगल क्षेत्र में घूम कर रहा है। देर रात एक दंतैल हाथी दल से अलग होकर कुंदी गांव की ओर पहुंच गया था। फिलहाल हाथी पास के जंगल में मौजूद है और वन विभाग उसकी लगातार निगरानी कर रहा है।
ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
वन विभाग की ओर से हाथी की मौजूदगी की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। विभाग की टीम लगातार मुनादी और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है।
परिजनों को 25-25 हजार रुपए सहायता
वन विभाग ने मृतक दंपती के परिजनों को तात्कालिक सहायता के रूप में 25-25 हजार रुपए किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार आगे की सहायता राशि की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।