छत्तीसगढ़

CG News: तीन युवकों को टक्कर मारने के बाद वाहन लेकर भाग रहा था ड्राइवर, 150 किलोमीटर तक पीछा कर पुलिस ने ड्राइवर को दबोचा, घटना में एक की मौत, दो गंभीर घायल

 







 

जांजगीर-चांपा, 8 अगस्त 2026। अकलतरा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद फरार हुए दुर्घटनाकारित वाहन को पुलिस ने करीब 150 किलोमीटर तक पीछा कर बिलासपुर के सकरी स्थित खालसा ढाबा के पास पकड़ लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

सड़क किनारे बातचीत कर रहे थे तीन युवक

घटना 7 अगस्त 2026 की है। राइस मिल श्रमिक सूरज कुमार यादव (26 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BV 6985 से मनीष मरावी (25 वर्ष), निवासी किरारी, थाना अकलतरा को बैठाकर राइस मिल से अपने घर ग्राम किरारी जा रहे थे। तरौद चौक स्थित सत्य राइस मिल के सामने दोनों की मुलाकात दुर्गेश केंवट (21 वर्ष) से हुई। तीनों सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान जांजगीर की ओर से बिलासपुर की तरफ जा रहे अशोक लीलैंड के छह चक्का वाहन क्रमांक JH 01 GA 1987 के चालक ने कथित तौर पर तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।







टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के बाद मनीष मरावी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज यादव और दुर्गेश केंवट के सिर में गंभीर चोटें आईं और दोनों अचेत हो गए।

हादसे के बाद वाहन लेकर भागा चालक

हादसे के बाद चालक ने वाहन रोककर घायलों की मदद करने के बजाय वाहन को तेज गति से बिलासपुर की ओर दौड़ा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

150 किलोमीटर तक पुलिस ने किया पीछा

घटना के बाद अकलतरा पुलिस ने फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने दुर्घटनाकारित वाहन का पीछा शुरू किया।

पुलिस टीम ने करीब 150 किलोमीटर तक लगातार पीछा किया और अंततः बिलासपुर के सकरी स्थित खालसा ढाबा के पास दुर्घटनाकारित वाहन क्रमांक JH 01 GA 1987 को पकड़ लिया।

पुलिस की तत्परता से वाहन पुलिस के कब्जे में

अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार पीछा करने के चलते हादसे के बाद फरार हुआ वाहन पुलिस के कब्जे में आ गया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू सहित थाना अकलतरा पुलिस स्टाफ एवं डायल-112 टीम का सराहनीय योगदान रहा।

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button