CG: डीएसपी कल्पना वर्मा पर लगाए आरोपों के बीच दीपक टंडन पर कसा कानूनी शिकंजा, कोर्ट ने जारी किया वारंट

रायपुर। डीएसपी कल्पना वर्मा पर गंभीर आरोप लगाने वाले व्यापारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन अब खुद कानून के घेरे में आते दिखाई दे रहे हैं। कोरबा जिले के कटघोरा स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। अदालत का यह कदम लगभग 28 लाख रुपये के वित्तीय अनियमितता मामले में टंडन के लगातार गैर-हाजिर रहने के बाद उठाया गया।
सूत्रों ने बताया कि बुधवार, 12 दिसंबर को अदालत ने उन्हें पेश होने का निर्देश दिया था, लेकिन नोटिस मिलने के बावजूद उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि टंडन ने बड़ी रकम लेकर लौटाई नहीं, और उन्हें बार-बार अदालत में बुलाए जाने पर भी वे सामने नहीं आए। बताया जा रहा है कि लंबे समय से यह प्रकरण अदालत में लंबित था और जांच में सहयोग न करने के कारण अब कार्रवाई तेज हो गई है।
पिछले दिनों टंडन ने डीएसपी कल्पना वर्मा पर रिश्वत, महंगे उपहार और निजी संबंधों के दबाव जैसे गंभीर दावे किए थे। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्होंने अधिकारी को करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य के उपहार दिए थे। इसी सिलसिले में उन्होंने चैट और वीडियो कुछ पत्रकारों को भेजे थे, जिनमें से बाद में हटाने की कोशिश की गई। दीपक टंडन की पत्नी बरखा टंडन भी एक अन्य मामले में आरोपों का सामना कर रही हैं। डीएसपी कल्पना वर्मा के पिता ने उनके खिलाफ 40 लाख रुपये की राशि को लेकर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है, जो अभी विचाराधीन है।
मामले ने लिया नया मोड़
डीएसपी पर आरोपों के बाद काफी सुर्खियाँ बटोरने वाले दीपक टंडन अब खुद विवादों के केंद्र में आ गए हैं। गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पुलिस उनके खिलाफ अगली कार्रवाई की तैयारी कर रही है, जिससे पूरा प्रकरण एक नए चरण में प्रवेश कर चुका है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






