रायगढ़ में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, पेट्रोल पंप पहुंचकर लगाए नारे, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जाने का किया विरोध

रायगढ़। पेट्रोल पंप में कांग्रेसियों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया
पेट्रोल पंप में कांग्रेसियों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता पेट्रोल पंप पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दाम कम करने की मांग की।
महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने तीन दिनों तक प्रदर्शन करने का कार्यक्रम रखा है। इसी के तहत रविवार को पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर प्रदर्शन किया गया।
शाम को जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बाइक रैली निकालते हुए घड़ी चौक स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे। वहां उन्होंने स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर विरोध जताया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री और सोना-चांदी जैसी चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों की जिंदगी मुश्किल हो गई है।
उन्होंने कहा कि महंगाई से मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, व्यापारी और आम जनता आर्थिक परेशानी झेल रही है। आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पेट्रोल भरवाने आए लोगों से भी बातचीत कर महंगाई के मुद्दे पर अपनी बात रखी।
चुनाव खत्म होते ही बढ़ गए पेट्रोल-डीजल के दाम
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि कांग्रेस महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। उनका कहना है कि राहुल गांधी ने पहले ही मौजूदा हालात को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन केंद्र सरकार ने जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय चुनाव में ज्यादा ध्यान दिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए गए। देश के नेताओं को इस समस्या के समाधान के लिए आगे आना चाहिए और सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।
शाखा यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री सिर्फ अपील कर रहे हैं, जबकि देश के प्रधान सेवक होने के नाते उनकी जिम्मेदारी है कि जनता को ऐसे संकट से बाहर निकालने का प्रयास करें। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी देश में संकट आता है, प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर चले जाते हैं। लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर रही है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






