रायगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, कलेक्टोरेट घेराव से पहले पुलिस ने रोका
रायगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, कलेक्टोरेट घेराव से पहले पुलिस ने रोका
रायगढ़। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज सोमवार को रायगढ़ में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध मार्च निकालते हुए कलेक्टोरेट घेराव का प्रयास किया, लेकिन कलेक्टोरेट पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई। बाद में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और सीईसी का पुतला दहन कर विरोध जताया और राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
वोट चोरी के आरोपों ,मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफा और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने रायगढ़ में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एकत्रित हुए और शहर की सड़कों पर विरोध मार्च निकालते हुए कलेक्टोरेट घेराव के लिए रवाना हुए। प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने के साथ ही पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। कलेक्टोरेट पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कांग्रेसियों को रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक की स्थिति निर्मित हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए थे। कलेक्टोरेट घेराव की अनुमति नहीं मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही विरोध प्रदर्शन जारी रखा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच कांग्रेस ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।