मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना से ग्रामीण अधोसंरचना मजबूत, विकास की नई राह : डिप्टी सीएम विजय शर्मा
मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना से ग्रामीण अधोसंरचना मजबूत, विकास की नई राह : डिप्टी सीएम विजय शर्मा
कवर्धा। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में चहुंमुखी विकास की दिशा में तेजी दिखाई दे रही है। ग्रामीण इलाकों में मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत सड़क निर्माण कार्यों से गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिल रही है।
आज उपमुख्यमंत्री शर्मा ग्राम कोठार पहुंचे, जहाँ उन्होंने 82.95 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क सह नाली निर्माण और 13 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण का विधिवत भूमिपूजन किया। ग्राम कोठार में दो महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी लागत क्रमशः 41.65 लाख और 41.30 लाख रुपए है। इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों को आवागमन में वर्षों पुरानी समस्याओं से मुक्ति मिलेगी। इसके साथ ही 2 सामुदायिक भवन भी बनाए जाएंगे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामों में सड़क, स्वच्छ नाली, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “सड़कें मजबूत होंगी तो कृषि, व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सड़क निर्माण से स्थानीय निवासियों, किसानों और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। यह केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि ग्राम कोठार के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
श्री शर्मा ने ग्राम कोठार की ऐतिहासिक पहल का भी उल्लेख किया, जिसमें आवास योजना के लिए आंदोलन शुरू हुआ था और सरकार बनने के बाद इसे पहली कैबिनेट मीटिंग में स्वीकृति मिली। उन्होंने कहा कि पात्र सभी लोगों को आवास प्रदान किया जाएगा और अंतिम सूची ग्राम सभा से पारित की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और समयबद्ध, टिकाऊ तथा मजबूत सड़क निर्माण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि सड़क बनने के बाद ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों, महिलाओं और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी, कृषि कार्यों में तेजी आएगी और आपात स्थितियों में आवागमन सुगम होगा।