अंतरराष्ट्रीय पोलो में छत्तीसगढ़ ने रचा इतिहास, CM साय ने दी बधाई
अंतरराष्ट्रीय पोलो में छत्तीसगढ़ ने रचा इतिहास, CM साय ने दी बधाई
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय पोलो टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली छत्तीसगढ़ टीम ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने टीम को भविष्य में भी इसी उत्साह और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और आदिवासी युवाओं में खेल की अपार प्रतिभा पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ ने पहली बार इतिहास रचते हुए 22 से 29 नवंबर 2025 तक इंफाल में आयोजित 15वें मणिपुर अंतरराष्ट्रीय पोलो टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ टीम ने अमेरिका, कोलंबिया, इंडियन पोलो एसोसिएशन और अन्य अंतरराष्ट्रीय टीमों के साथ प्रतिस्पर्धा कर राज्य का गौरव बढ़ाया। यह अवसर इसलिए भी खास था क्योंकि पहली बार किसी राज्य को अंतरराष्ट्रीय पोलो टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए आमंत्रित किया गया।
टीम के सदस्यों में लेफ्टिनेंट कर्नल अमन सिंह (एनसीसी), लांस नदिम अली (सेवानिवृत्त), वेदिका शरण, चित्रभानु सिंह, सैमुअल विश्वकर्मा, गोलू राम कश्यप, सुभाष लेकामि और देवकी कड़ती शामिल रहे। इससे पूर्व भी कु. वेदिका शरण ने सितंबर 2025 में बेंगलुरु में आयोजित अंतरराष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में भारत में दूसरा और विश्व स्तर पर 15वां स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया था।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे “खेल से शक्ति” पहल का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसके तहत दंतेवाड़ा और कांकेर जिलों के छात्रों को घुड़सवारी और पोलो का प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण ब्रीगो एंड हेक्टर इक्वेस्ट्रियन मैनेजमेंट कंपनी और भारतीय सेना के अनुभवी खिलाड़ियों द्वारा संचालित किया गया। इस पहल का उद्देश्य आदिवासी युवाओं को खेल, शिक्षा और प्रशिक्षण के माध्यम से सशक्त बनाना और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के अवसर प्रदान करना है।
इस अवसर पर आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल श्री अवनीश शरण और घुड़सवारी प्रशिक्षक सुश्री गीता दहिया भी उपस्थित रहे।