CG: सूंड में फंसाया फिर पैरों से कुचलकर तोड़ डाला, गुस्से में गजराज ने बाइक का किया ऐसा हाल, घूम रहे 65 हाथी
CG: सूंड में फंसाया फिर पैरों से कुचलकर तोड़ डाला, गुस्से में गजराज ने बाइक का किया ऐसा हाल, घूम रहे 65 हाथी
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हाथी विचरण कर रहे हैं। ताजा मामला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा में सामने आया है। यहां हाथियों के एक दल ने एक बाइक को अपने पैरों से कुचल दिया। हालांकि बाइक सवार युवक किसी तरह से जान बचाकर भागा। हाथियों के झुंड को देखकर युवक ने अपनी बाइक रोक दी थी। जिसके बाद हाथियों का एक दल उसकी तरफ बढ़ने लगा। हाथियों को अपनी तरफ आता देखकर युवक झाड़ियों के पीछे छिप गया था।
मामला पेंड्रा के दानीकुंडी प्लांटेशन रोड का है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दानीकुंडी प्लांटेशन रोड से गुजर रहे एक बाइक सवार की नजर अचानक हाथियों के झुंड पर पड़ी। जिसके बाद युवक ने अपनी गाड़ी रोक दी। हाथियों को देखकर युवक डर गया। उसने अपनी बाइक वहीं छोड़ दी और जान बचाने के लिए दूर जाकर छिप गया।
गुस्से में दिखे गजराज
इस दौरान हाथियों का झुंड सड़क में गुस्से में दिखाई दिया। गुस्से में आए हाथियों ने सड़क पर खड़ी बाइक को सूंड और पैरों से कुचलकर तोड़ डाला। इस इलाके में हाथियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की मॉनिटरिंग कर रही है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस इलाके में करीब 65 हाथियों का दल मौजूद है।
ग्रामीणों में डर का माहौल
मरवाही वन मंडल में 65 हाथियों के विचरण से जंगल के आसपास बसे गांवों में खतरा बढ़ गया है। हाथियों के दल की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में डर का माहौल है। वहीं, सड़क पर गुजरने वाले लोगों का कई बार हाथियों से सामना हो चुका है।
वन विभाग का अलर्ट
हाथियों के झुंड को लेकर वन विभाग की टीम ने आसपास के गांव में अलर्ट जारी किया है। वन विभाग की टीम ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि हाथियों के पास नहीं जाएं। हाथी कभी भी हिंसक हो सकते हैं। हाथियों का झुंड दिखाई देने पर वन विभाग की टीम को जानकारी दें। आवश्यक नहीं होने पर जंगल की तरफ नहीं जाएं।