छत्तीसगढ़

CG News: अतिक्रमण हटाने पहुंचा बुलडोजर, गांव में बवाल, ग्रामीण परिवार ने की पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश

  धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरछेड़ी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया. प्रशासन की टीम जब बुलडोजर लेकर अवैध निर्माण तोड़ने पहुंची, तो प्रभावित परिवार ने विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि परिवार के कुछ लोगों ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश कर दी. मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन ने समय रहते हालात संभाले, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी. हालात तनावपूर्ण होते देख प्रशासन ने कार्रवाई फिलहाल स्थगित कर दी है.

यह पूरा मामला ग्राम पीपरछेड़ी का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक गांव के रहने वाले रमेश साहू पर कथित रूप से शासकीय भूमि पर अवैध मकान बनाकर रहने की शिकायत प्रशासन को मिली थी. साथ ही गांव में 24 से 25 अन्य लोगों पर भी अतिक्रमण के आरोप की शिकायतें बताई जा रही हैं.

नोटिस के बाद भी नहीं हटाया अतिक्रमण
बताया गया कि प्रशासन ने पहले नोटिस भेजा था, लेकिन कथित तौर पर अतिक्रमणकारियों ने उस पर ध्यान नहीं दिया. इसके बाद प्रशासन की टीम आज कार्रवाई के लिए बुलडोजर लेकर गांव पहुंची और अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी.

जैसे ही मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू हुई, पीड़ित परिवार ने इसका जोरदार विरोध किया. परिवार के लोग बुलडोजर के सामने बैठकर प्रदर्शन करने लगे. उनका कहना था कि घर बनाने में 8 लाख रुपये से ज्यादा खर्च हुए हैं और उनके पास रहने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है.

 पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि गांव में और भी कई लोगों ने कथित तौर पर अतिक्रमण किया है, लेकिन प्रशासन उन पर कार्रवाई नहीं कर रहा. परिवार का कहना है कि अगर कार्रवाई करनी है तो सभी अवैध अतिक्रमणकारियों पर हो, केवल एक घर पर बुलडोजर चलाना उनके साथ अन्याय है.

परिवार ने की आत्मदाह की कोशिश
कार्रवाई रोकने की कोशिशें नाकाम रहीं और बुलडोजर चलता रहा, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. इसी दौरान पीड़ित परिवार के कुछ लोगों ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की. मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीम ने समय रहते उन्हें रोका और हालात को शांत कराया.



















सुरक्षा बल तैनात, कार्रवाई फिलहाल रोकी गई
घटना के दौरान मौके पर काफी संख्या में सुरक्षा बल तैनात होने की बात कही जा रही है. जब माहौल बिगड़ता दिखा, तो प्रशासन ने तत्काल स्थिति को देखते हुए कार्रवाई स्थगित कर दी. गांव में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है.

सरपंच पर भी आरोप, थाने में बातचीत की कोशिश
पीड़ित परिवार की ओर से गांव के सरपंच पर भी आरोप लगाए जा रहे हैं. उधर, अर्जुनी थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार को थाने बुलाया है. सरपंच और अन्य ग्रामीण भी थाने पहुंचे हैं. प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत से समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है.



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button