मंदिर चौक में विराजेंगी मां दुर्गा, भव्य आगमन यात्रा में दिखेगा आस्था और उत्साह का संगम
मंदिर चौक में विराजेंगी मां दुर्गा, भव्य आगमन यात्रा में दिखेगा आस्था और उत्साह का संगम
श्री गौरी कला समिति निकालेगी मां दुर्गा भवानी की भव्य आगमन यात्रा, आज शाम 5 बजे इंदिरा नगर से होगा शुभारंभ
लेजर शो, आतिशबाजी, पाइरो शो, लाइटिंग शो और धमाल बाजा रहेगा आकर्षण का केंद्र, शाम 7 बजे गौरी शंकर मंदिर चौक में होगा समापन
रायगढ़ टॉप न्यूज 15 अक्टूबर। शहर में मां दुर्गा की आराधना और भक्ति का माहौल बनाने के लिए श्री गौरी कला समिति की ओर से मंदिर चौक की दुर्गा भवानी की आज भव्य आगमन यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर समिति ने आकर्षक तैयारियां की हैं। धार्मिक आस्था के साथ भव्य साज-सज्जा, रोशनी और आतिशबाजी के बीच निकलने वाली इस यात्रा में श्रद्धालुओं को उत्साह और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। समिति ने शहरवासियों से यात्रा में शामिल होकर मां दुर्गा का स्वागत करने की अपील की है।

इंद्रा नगर से शुरू होकर गौरी शंकर मंदिर चौक पहुंचेगी यात्रा
समिति के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भव्य आगमन यात्रा 15 अक्टूबर को शाम 5 बजे इंदिरानगर से प्रारंभ होगी। यहां से यात्रा जोहल पैलेस, गौशाला रोड, घड़ी चौक, कोतवाली थाना रोड और सुभाष चौक होते हुए गौरी शंकर मंदिर चौक पहुंचेगी। यात्रा का समापन शाम 7 बजे गौरी शंकर मंदिर चौक में होगा, जहां मां दुर्गा भवानी का भव्य स्वागत किया जाएगा।
लेजर शो और आतिशबाजी होंगे खास आकर्षण
मां दुर्गा की आगमन यात्रा को यादगार बनाने के लिए लेजर शो, फायरवर्क्स, पाइरो शो, लाइटिंग शो और धमाल बाजा सहित कई आकर्षक प्रस्तुतियां रखी गई हैं। रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी के बीच निकलने वाली यात्रा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। धार्मिक उत्साह से सराबोर इस आयोजन में शहरवासियों की भागीदारी से माहौल भक्तिमय होने की उम्मीद है।
समिति ने शहरवासियों से की शामिल होने की अपील
श्री गौरी कला समिति ने सभी श्रद्धालुओं और शहरवासियों से मां दुर्गा भवानी की भव्य आगमन यात्रा में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है। समिति का उद्देश्य मां दुर्गा के स्वागत को भव्य और यादगार बनाना है, ताकि पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में माता रानी के जयकारों से गूंज उठे।