रायगढ़

Raigarh News: बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य, 1 दिसंबर से कलेक्ट्रेट में नई व्यवस्था लागू

 

कलेक्टर ने संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर के अलावा बाहर संचालित विभागों में भी बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

रायगढ़, 27 नवम्बर 2025/ जिला कार्यालय संयुक्त भवन रायगढ़ कलेक्टोरेट में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 1 दिसंबर, सोमवार से उपस्थिति दर्ज करने की नई बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू होने जा रही है। अब सभी अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय परिसर के प्रवेश द्वार पर स्थापित बायोमेट्रिक डिवाइस के माध्यम से अंगूठे व चेहरे की पहचान से उपस्थिति दर्ज करेंगे।

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने न केवल संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर में बल्कि इसके बाहर संचालित होने वाले अन्य शासकीय विभागों में भी बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपस्थिति प्रणाली को पारदर्शी, व्यवस्थित और समय पालनयुक्त बनाने के लिए बायोमेट्रिक व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सभी विभाग अपने कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज कराने में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतें।

कलेक्टर ने संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में संचालित 15 विभागों के प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने कार्यालयों में पदस्थ अधिकारी से लेकर चतुर्थ श्रेणी तक के सभी कर्मचारियों की संपूर्ण जानकारी 28 नवम्बर शुक्रवार शाम तक उपलब्ध कराएँ, ताकि बायोमेट्रिक प्रणाली में सभी का डेटा सटीक रूप से दर्ज किया जा सके। प्रत्येक कर्मचारी को कार्यालय में प्रवेश करते समय और कार्यालयीन अवधि समाप्त होने पर लौटते समय बायोमेट्रिक मशीन में उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा।

बायोमेट्रिक हाजिरी प्रातः 10 बजे से सायं 5.30 बजे तक दर्ज की जाएगी। इस अवधि में आगमन एवं प्रस्थान दोनों समय उपस्थिति दर्ज न करने की स्थिति में अनुपस्थिति मानी जाएगी। इस नई व्यवस्था से न सिर्फ उपस्थिति सुव्यवस्थित होगी बल्कि समयबद्धता, जिम्मेदारी और कार्य संस्कृति में भी उल्लेखनीय सुधार आएगी।



















बायोमेट्रिक डिवाइस की स्थापना, डेटा प्रविष्टि तथा संपूर्ण प्रणाली की नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो को सौंपी गई है। कलेक्टर ने सभी विभागों को बायोमेट्रिक डिवाइस में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक डेटाबेस जानकारी निर्धारित प्रारूप में वित्त शाखा में जमा कराएँ तथा गूगल शीट में आवश्यक विवरण 28 नवम्बर शुक्रवार तक अनिवार्य रूप से अपलोड करने के सख्त निर्देश दिए है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button