CG: स्कूल जा रही छात्रा के जबरन अपहरण का प्रयास, बाइक से जंगल ले जाते समय भाग निकली किशोरी, मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ July 31, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG: स्कूल जा रही छात्रा के जबरन अपहरण का प्रयास, बाइक से जंगल ले जाते समय भाग निकली किशोरी, मामला दर्ज

CG: स्कूल जा रही छात्रा के जबरन अपहरण का प्रयास, बाइक से जंगल ले जाते समय भाग निकली किशोरी, मामला दर्ज

  
 गौरेला पेंड्रा मरवाही। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही 17 वर्षीय छात्रा को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर जंगल की ओर ले जाने का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर पेंड्रा पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार छात्रा ने शिकायत में बताया कि वह अपनी सहेली के साथ पैदल स्कूल की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में विक्की मरावी नामक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और अपने साथ चलने का दबाव बनाने लगा। छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज की, थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। विरोध करने के बावजूद आरोपी उसे मटियाडाड़ के जंगल की ओर ले जाने लगा।
छात्रा ने बताया कि मटियाडाड़ जंगल के पास मोटरसाइकिल की रफ्तार धीमी होने पर वह किसी तरह उतरकर भाग निकली। इसके बाद उसने पास के एक घर से मोबाइल लेकर अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सुरक्षित घर ले गए।

इसके बाद छात्रा अपने पिता के साथ पेंड्रा थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पेंड्रा पुलिस ने आरोपी विक्की मरावी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खबर शेयर करें: