Raigarh: राइस मिल में घुसा हाथी, बाउंड्रीवाल तोड़ी, किसानों की धान फसल भी की बर्बाद, निगरानी में जुटा वन अमला
Raigarh: राइस मिल में घुसा हाथी, बाउंड्रीवाल तोड़ी, किसानों की धान फसल भी की बर्बाद, निगरानी में जुटा वन अमला
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हाथियों का दल लगातार आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहा है। हाथी धान की फसल को नुकसान पहुंचाने के साथ ही राइस मिल में भी घुस रहे हैं। छाल रेंज के औरानारा स्थित राइस मिल में मंगलवार रात हाथी ने घुसकर धान खाया और बाउंड्रीवाल तोड़ दी। वन विभाग सुबह नुकसान का आकलन करने में जुटा रहा।
जानकारी के अनुसार, छाल रेंज के औरानारा में संचालित राइस मिल में पिछले दो दिनों से एक हाथी लगातार पहुंच रहा है। मंगलवार रात भी हाथी ने राइस मिल में घुसकर धान खाया और बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि छाल रेंज में 9 हाथी अलग-अलग बीट के जंगलों में मौजूद हैं। वहीं, बोरो रेंज के कमोसिनडांड क्षेत्र में 16 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इस दल ने 6 किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है।
6 किसानों की धान फसल रौंदी
हाथियों ने सुशील खेस, रमेश खेस, बैजनाथ, मानसिंह, सुनाराम बैगा और धरमुराम के खेतों में घुसकर धान की फसल बर्बाद कर दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया।
अन्य क्षेत्रों में भी नुकसान
धरमजयगढ़ रेंज के ढालीपारा में कजल विश्वास की धान की फसल को हाथियों ने नुकसान पहुंचाया। वहीं, कापू रेंज के अलोला में राधे नाग और भुड्डुल नाग, सोनाजारी गांव के जयमन और बाकारूमा रेंज के जामबीरा निवासी कैलू के शौचालय को भी हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
वन विभाग कर रहा निगरानी
छाल रेंजर राजेश चौहान ने बताया कि औरानारा स्थित राइस मिल में पिछले दो दिनों से एक हाथी घुस रहा है। हाथी ने वहां रखा धान खाया है और बाउंड्रीवाल को भी नुकसान पहुंचाया है। पूरे रेंज में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रभावित गांवों में लोगों को सतर्क करने के लिए मुनादी भी कराई जा रही है।