CG News: अस्पताल से सिपाहियों को चकमा देकर नशीली टैबलेट तस्करी का आरोपी फरार

छत्तीसगढ़ October 15, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: अस्पताल से सिपाहियों को चकमा देकर नशीली टैबलेट तस्करी का आरोपी फरार

CG News: अस्पताल से सिपाहियों को चकमा देकर नशीली टैबलेट तस्करी का आरोपी फरार

 रायपुर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरायपाली पुलिस की अभिरक्षा से नशीली टैबलेट की तस्करी का आरोपी दिनेश सिंह राजपूत (20) महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल से फरार हो गया। आरोपी पेट में तेज दर्द और झटके आने की शिकायत के बाद इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। घटना के समय उसकी सुरक्षा में तैनात एक सिपाही बाथरूम गया था, जबकि दूसरा डॉक्टर के काम में व्यस्त था।

अस्पताल से सिपाहियों को चकमा देकर भागा आरोपी
सरायपाली पुलिस ने ओडिशा से नशीली टैबलेट की तस्करी के आरोप में बुधवार को दिनेश सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पेट में तेज दर्द और झटके आने की शिकायत की। इसके बाद सरायपाली के डॉक्टरों ने उसे महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। अस्पताल में आरोपी की निगरानी के लिए सिपाही खोमनलाल साहू और रामचरण यादव की ड्यूटी लगाई गई थी। एक सिपाही बाथरूम गया था और दूसरा डॉक्टर के काम में व्यस्त था। इसी दौरान आरोपी पुलिस की निगरानी से निकलकर फरार हो गया। आरोपी के पैर में रॉड लगी होने की जानकारी भी सामने आई है। इसके बावजूद वह कैसे फरार हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
 

मामले में प्राथमिकी दर्ज और पुलिस जांच शुरू
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार नायक ने बताया कि आरोपी अलसुबह अस्पताल से फरार हुआ है। इस मामले में सिटी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच करेगी कि आरोपी को हथकड़ी लगाई गई थी या नहीं तथा फरारी के समय दोनों सिपाही कहां तैनात थे। जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

खबर शेयर करें: