Raigarh News: बिजली कटौती से 16 गांवों के किसान परेशान, विरोध में बिजली दफ्तर पहुंचे, सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
Raigarh News: बिजली कटौती से 16 गांवों के किसान परेशान, विरोध में बिजली दफ्तर पहुंचे, सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
रायगढ़. रायगढ़ जिले के झलमला सब स्टेशन से जुड़े 16 गांवों में अघोषित बिजली कटौती से किसान परेशान हैं। फसलों की सिंचाई प्रभावित होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। समस्या को लेकर किसान नेता लल्लू सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की है। साथ ही समस्या दूर नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
बिजली गुल होने से सिंचाई प्रभावित
किसानों का कहना है कि, इस समय फसलों को बचाने के लिए नियमित बिजली की जरूरत है। बिजली कटौती के कारण खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे फसलों को नुकसान होने की आशंका है। अघोषित कटौती के कारण ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
नेतनागर में ट्रांसफार्मर नहीं लगने की शिकायत
किसान नेता लल्लू सिंह ने बताया कि, नेतनागर में कई बार मांग करने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। बिंजकोट गांव में भी बिजली से जुड़ी समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से इन समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।
झलमला सब स्टेशन से जुड़े 16 गांव प्रभावित
किसान नेता के मुताबिक, बिजली कटौती से झलमला, मिडमिडा, मालदा, डुमरमुड़ा, दर्रमुड़ा, गुड़गहन, केशला, नवापाली, बोर्डीही, बिंजकोट, धनुवाडेरा, एकताल, बड़मल, रेंगालपाली, नेतानगर और भाठनपाली के लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।