Raigarh: सेवा संकल्प अभियान के तहत पुसौर विकासखण्ड के स्कूलों में आयोजित हुआ ‘न्योता भोज’, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन
Raigarh: सेवा संकल्प अभियान के तहत पुसौर विकासखण्ड के स्कूलों में आयोजित हुआ ‘न्योता भोज’, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन
रायगढ़, 17 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत पुसौर विकासखंड के स्कूलों में ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों को मध्यान्ह भोजन के साथ खीर, पूरी, हलवा, फल और पौष्टिक मिष्ठान परोसे गए। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और शाला प्रबंधन समितियों के सदस्यों ने भी सहभागिता निभाई और बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन करते नजर आए। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के साथ अशासकीय विद्यालयों में भी बच्चों को फल और मिठाई वितरित की गई। इस पहल से ऐसे विद्यालय भी ‘न्योता भोज’ की सामुदायिक भावना से जुड़े, जहां नियमित मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था नहीं होती। आयोजन में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बच्चों से संवाद किया तथा उन्हें शिक्षा, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के लिए विशेष भोजन और मिठाई का आयोजन उनके लिए दिन को यादगार बनाने वाला रहा।
भोजन के साथ स्वच्छता और संस्कार का संदेश
न्योता भोज से पहले बच्चों को हाथ धोने, स्वच्छता बनाए रखने और भोजन का सम्मान करने के बारे में जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बच्चों को समझाया कि भोजन केवल पेट भरने का माध्यम नहीं, बल्कि उसके प्रति सम्मान और उसे साझा करने की भावना भी हमारे संस्कारों का हिस्सा है। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता हरिशंकर चौहान उपस्थित थी।