CG NEWS: ज्वेलर्स दुकान में घुसकर लड़की को गोली मारी, संचालक पर भी हमला, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी, पिता-पुत्री अस्पताल में भर्ती
CG NEWS: ज्वेलर्स दुकान में घुसकर लड़की को गोली मारी, संचालक पर भी हमला, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी, पिता-पुत्री अस्पताल में भर्ती
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में बीती रात ज्वेलर्स दुकान में घुसकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। हमलावरों ने दुकान के संचालक की बेटी पर फायरिंग कर दी। पिता पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। इस घटना में पिता-पुत्री घायल हो गए। घटना के बाद से हमलावर फरार है, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के पावर हाउस स्थित बरडिया ज्वेलर्स की है। मंगलवार की रात साढ़े 8 बजे दो नकाबपोश आभूषण की दुकान में घुसे। इस दौरान कारोबारी अपनी बेटी के साथ दुकान बंद कर रहा था। तभी दोनों नकाबपोश बदमाशों ने संचालक भंवरलाल बरड़िया पर पिस्टल की बट से हमला कर दिया।
पिता से मारपीट होता देख बेटी नैना बरड़िया दौड़ती हुई मौके पर पहुंची और बीच बचाव करने लगी। इसी बीच आरोपियों ने नैना पर फायरिंग कर दी। गोली नैना के पैर में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले।
इधर, घटना में घायल पिता-पुत्री को लहुलूहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दोनों खतरे से बाहर बताये जा रहे है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी सूरज सिंह परिहार, एएसपी, सीएसपी समेत थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। आरोपियों की तलाश के लिए शहर के चारों तरफ नाकेबंदी की गई है।
एसपी सूरज सिंह परिहार ने एनपीजी न्यूज से चर्चा में बताया कि आरोपियों को पकड़ने में मल्टीपल टीम लगी हुई है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कैद है, जिसके आधार पर उनकी खोज की जा रही है।