CG News: अस्पताल के बाथरूम में घुसा खूंखार तेंदुआ, मरीज और परिजनों में मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची DFO की रेस्क्यू टीम
CG News: अस्पताल के बाथरूम में घुसा खूंखार तेंदुआ, मरीज और परिजनों में मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची DFO की रेस्क्यू टीम
कबीरधाम: शहर के पॉश इलाके में स्नेहा अस्पताल के बाथरूम में खूंखार तेंदुए के घुसने से हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि तेंदुए ने बाथरूम के पास एक महिला पर भी हमला कर दिया है. फिलहाल अस्पताल और उसके आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है.
अस्पताल के पास पहुंचा तेंदुआ
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल की वजह से इलाके में लोगों की भारी भीड़ सुबह से ही सड़कों पर नजर आने लगती है. सुबह के वक्त काम पर जाने वाले लोगों और स्कूल का टाइम होने की वजह से ट्रैफिक भी ज्यादा होता है. आज सुबह भी कुछ ऐसा ही माहौल था. तभी एक खूंखार तेंदुआ जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में पहुंच गया. लोगों की नजर जैसे ही तेंदुए पर पड़ी लोग घबरा गए.आनन फानन में लोगों ने खुद को सुरक्षित करने के लिए सुरक्षित ठिकाना ढूंढना शुरू कर दिया. तभी लोगों ने शोर मचाकर ये बताया कि खूंखार तेंदुआ शहर के बीचो बीच बने स्नेहा अस्पताल के बिल्कुल पास देखा गया है. तत्काल आस पास के दुकानदारों ने अपने यहां लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए. इसी बीच स्नेहा अस्पताल के पास लगे एक सीसीटीवी में तेंदुआ नजर आया. तेंदुआ परिसर से छलांग लगाकर बाहर निकलना चाहता था. लेकिन कांच की दीवार होने की वजह से वो बाहर नहीं निकल पाया और कांच की दीवार से टकराकर गिर पड़ा. कांच की दीवार सटा एक लोहे का गेट था, जिससे तेंदुआ दूसरे प्रयास में वहां से निकल गया.
तेंदुआ जंगल से निकलकर रिहायशी इलाके में घुस गया है. फिलहाल वो एक अस्पताल के फीमेल बाथरूम में घुस गया है. जल्द से जल्द हमारी कोशिश है कि उसको पकड़ा जाए. तेंदुए ने बाथरूम की ओर जा रही महिला पर हमला किया है. महिला की हालत फिलहाल ठीक है. तेंदुए महिला टॉयलेट में है, उसे पकड़ने की कोशिश जारी है. तेंदुए को ट्रैंक्यूलाइज करने के लिए स्पेशल टीम भी पहुंच रही है: निखिल अग्रवाल, डीएफओ कवर्धा
तेंदुए को रेस्क्यू करने में जुटी वन विभाग की टीम
तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए तत्काल वन विभाग की टीम को बुलाया गया. वन विभाग की टीम जाल के साथ मौके पर पहुंची है. कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द तेंदुए को ट्रैंक्यूलाइज कर सुरक्षित पकड़ा जा सके. शहर के बीचो बीच तेंदुए के पहुंचने की खबर से लोगों में दहशत का माहौल है. वन विभाग की टीम लगातार लोगों से अपील कर रही है कि वो भीड़ न लगाएं, खूंखार तेंदुआ कभी भी सामने आ सकता है और हमला भी कर सकता है. वन विभाग के रेस्क्यू टीम की मॉनिटरिंग खुद डीएफओ कर रहे हैं.
वन विभाग को छका रहा तेंदुआ
वन विभाग की इलाके में रहने वाले लोगों को भी सतर्क कर रही है. लोगों से कहा गया है कि वो अपने घर के खिड़की और दरवाजे बंद रखें, जब तक की तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता. तेंदुए को पकड़ने की कोशिश जारी है. वहीं तेंदुआ लगातार वन विभाग की टीम को छका रहा है. वन विभाग की टीम के ट्रैप में तंदुए के नहीं आने से सिटी कोतवाली इलाके में रहने वाले लोग डरे हुए हैं.