सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में इंदौर के स्वच्छता मॉडल का अध्ययन करेगा कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र का 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल
सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में इंदौर के स्वच्छता मॉडल का अध्ययन करेगा कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र का 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल
सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर गीता की धरा से मां अहिल्याबाई की धरा तक स्वच्छता पर होगा मंथन
सांसद नवीन जिन्दल के निजी विमान से मार्गदर्शन में पुंडरी विधायक सतपाल जांबा की अध्यक्षता में 9 अक्तूबर को रवाना होगा 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल
इंदौर में जनभागीदारी, स्वच्छता व्यवस्था और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का करेगा अध्ययन
नगरपालिका, नगर निगम के निर्वाचित प्रतिनिधि, अधिकारी और नवीन जिन्दल फाउंडेशन के सदस्य होंगे शामिल
इंदौर से सीख लेकर कुरुक्षेत्र कैथल और रादौर में चलाया जाएगा जनभागीदारी से नवीन स्वच्छता अभियान
कुरुक्षेत्र, 7 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल इंदौर के स्वच्छता मॉडल का अध्ययन करने के लिए 9 अक्तूबर को कुरुक्षेत्र, कैथल और रादौर से रवाना होगा। गीता की पावन धरती कुरुक्षेत्र से मां अहिल्याबाई की धरती इंदौर तक होने वाली यह यात्रा स्वच्छता, जनभागीदारी और बेहतर नागरिक सुविधाओं की व्यवस्थाओं को समझने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
यह 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली से सांसद नवीन जिन्दल के निजी विमान से इंदौर पहुंचेगा और वहां शहर की स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का मौके पर अध्ययन करेगा। विशेष रूप से यह समझने का प्रयास किया जाएगा कि इंदौर ने स्वच्छता को केवल सरकारी व्यवस्था न बनाकर जनभागीदारी का अभियान कैसे बनाया, सफाई व्यवस्था को निरंतर कैसे बनाए रखा और शहर ने स्वच्छता की अपनी पहचान को किस प्रकार कायम रखा है।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, जनभागीदारी, जागरूकता अभियान, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट सहित स्वच्छता से जुड़े विभिन्न संस्थानों और व्यवस्थाओं का दौरा किया जाएगा। वहां अधिकारियों और संबंधित प्रतिनिधियों से संवाद कर यह जानकारी जुटाई जाएगी कि इंदौर मॉडल को जमीन पर लागू करने के लिए किस प्रकार की कार्यप्रणाली अपनाई गई। इस 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता पुंडरी विधायक सतपाल जांबा करेंगे।
उपरोक्त जानकारी देते हुए सांसद नवीन जिन्दल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह पूर्व आईएएस ने बताया कि इस प्रतिनिधिमंडल में नवीन जिन्दल फाउंडेशन के सदस्य, नगरपालिका व नगर निगम के चेयरमैन तथा संबंधित अधिकारी शामिल होंगे। यह प्रतिनिधिमंडल अपने अध्ययन के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसमें इंदौर की व्यवस्थाओं और कुरुक्षेत्र, कैथल और रादौर में लागू किए जा सकने वाले उपायों का उल्लेख किया जाएगा। इसके बाद कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में नवीन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य है कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में स्वच्छता को केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी न मानकर जनभागीदारी का आंदोलन बनाया जाए। इंदौर में अपनाई जा रही सफल व्यवस्थाओं का अध्ययन कर कुरुक्षेत्र की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप उन्हें लागू करने की संभावनाओं पर काम किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत, नवीन स्वच्छता अभियान के माध्यम से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास होगा।
उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल जिला निगरानी एवं समन्वय समिति की बैठक में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को इंदौर का दौरा करवाने की बात कह चुके हैं। प्रस्तावित इंदौर यात्रा उसी दिशा में उठाया गया कदम है। उद्देश्य यह है कि इंदौर की व्यवस्थाओं को देखकर उनसे सीख ली जाए और कुरुक्षेत्र, कैथल और रादौर से हरियाणा में स्वच्छता एवं जनभागीदारी की एक नई मिसाल कायम करने की दिशा में ठोस पहल की जाए।