CG News: बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली, तीन किसानों की मौत, खेत में काम करते वक्त हुआ हादसा

छत्तीसगढ़ October 8, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली, तीन किसानों की मौत, खेत में काम करते वक्त हुआ हादसा

CG News: बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली, तीन किसानों की मौत, खेत में काम करते वक्त हुआ हादसा

 
रायपुर। बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली ने कहर बरपा दिया। अलग-अलग घटनाओं में तीन किसानों की मौत हो गई। दोनों हादसों के वक्त किसान अपने खेतों में काम कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लखोदना में दो किसानों की मौत
पहली घटना लखोदना गांव की है। यहां गांव निवासी 41 वर्षीय मन्ना यादव अपने साढ़ू 45 वर्षीय कुंजराम यादव के साथ खेत में काम करने गया था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन और आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को तत्काल कोटा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मानपुर में पेड़ के नीचे खड़ा होना पड़ा भारी
दूसरा हादसा मानपुर गांव में हुआ। यहां 45 वर्षीय जागेश्वर जगत खेत की मेड़ बांधने के लिए गया था। इसी दौरान अचानक बारिश और तेज आंधी शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए जागेश्वर पास के एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से जागेश्वर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
लगातार दो घटनाओं में तीन किसानों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है और घटनाओं की जांच की जा रही है।

खबर शेयर करें: