कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने ली समय-सीमा की बैठक, कहा- शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें

रायगढ़ November 16, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने ली समय-सीमा की बैठक, कहा- शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने ली समय-सीमा की बैठक, कहा- शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें

 जनदर्शन एवं सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण के दिए निर्देश

 

रायगढ़, 16 नवम्बर 2026/ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में शुरू हुई समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं, उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधाओं एवं सुरक्षा, अवैध धान के परिवहन पर निगरानी तथा मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों के निराकरण एवं औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत में उद्योगों की सहभागिता से कार्ययोजना तैयार करने संबंधित बिन्दुओं पर चर्चा की।

कलेक्टर चतुर्वेदी ने 15 नवंबर से जिले में शुरू हुई समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सहकारी समितियों एवं उपार्जन केंद्रों में खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो। उन्होंने कहा कि धान विक्रय के लिए आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा केंद्रों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने खरीदी कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी के दौरान अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने जांच नाकों पर तैनात कर्मचारियों को सतर्कता के साथ कार्य करने तथा उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपार्जन केंद्रों एवं सहकारी समितियों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अवैध धान के मामलों में नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों और आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभागीय अधिकारी लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और उनका निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों की खराब स्थिति एवं मरम्मत की आवश्यकता को देखते हुए संबंधित उद्योगों की सहभागिता से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभाग एवं उद्योग आपसी समन्वय से कार्य करें। जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में अव्यवस्थाओं से संबंधित शिकायतों को कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मर्च्यूरी में उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई एवं आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेकर कमियों और समस्याओं के संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा, ताकि आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सके। बैठक में आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर भूआर्य,डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

खबर शेयर करें: