Jashpur News: बकाया बिजली बिल वसूलने पहुंचे असिस्टेंट इंजीनियर पर पिता-पुत्र ने किया हमला, दोनों गिरफ्तार होकर जेल भेजे गए

छत्तीसगढ़ November 16, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Jashpur News: बकाया बिजली बिल वसूलने पहुंचे असिस्टेंट इंजीनियर पर पिता-पुत्र ने किया हमला, दोनों गिरफ्तार होकर जेल भेजे गए

Jashpur News: बकाया बिजली बिल वसूलने पहुंचे असिस्टेंट इंजीनियर पर पिता-पुत्र ने किया हमला, दोनों गिरफ्तार होकर जेल भेजे गए

जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में बकाया बिजली बिल की वसूली करने पहुंचे असिस्टेंट इंजीनियर के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। करीब 1 लाख 67 हजार रुपए के बिजली बिल की वसूली के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि पिता-पुत्र ने मिलकर इंजीनियर पर लकड़ी के डंडे और अन्य वस्तु से हमला कर दिया। हमले में इंजीनियर के सिर और कंधे में चोट आई है। मामले में बगीचा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

बिजली बिल वसूली के दौरान शुरू हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को भूपेन्द्र राठौर, असिस्टेंट इंजीनियर बगीचा, अपने स्टाफ के साथ ग्राम महादेवडांड़ में बकाया बिजली बिल की वसूली करने पहुंचे थे। गांव में करीब 1 लाख 67 हजार रुपए की बिजली बिल राशि बकाया थी।

इसी दौरान पंखरासियुस तिर्की ने बकाया राशि को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए हंगामा किया। तभी उसका पुत्र सोमल तिर्की भी मौके पर पहुंच गया और इंजीनियर को जान से मारने की धमकी देते हुए लकड़ी के डंडे और अन्य वस्तु से हमला कर दिया। इस हमले में भूपेन्द्र राठौर के सिर और कंधे में चोट आई।

पुलिस ने पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार

घटना के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर बगीचा थाने में अपराध क्रमांक 300/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बगीचा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम देना स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को 15 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

सोमल तिर्की (31 वर्ष), पिता पंखरासियुस तिर्की।

पंखरासियुस तिर्की (73 वर्ष), पिता स्व. सिरिल तिर्की।

शासकीय कर्मचारियों से मारपीट पर होगी सख्त कार्रवाई : SSP

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना और शासकीय कर्मचारियों के साथ मारपीट करना गंभीर अपराध है। कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। उन्होंने आम नागरिकों से कानून का सम्मान करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, प्रधान आरक्षक इस्ताक खान, आरक्षक मुकेश पाण्डेय, आरक्षक महेश मालाकार सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

खबर शेयर करें: