सारंगढ़ में युवक की चाकू मारकर हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार और एक अपचारी बालक अभिरक्षा में, पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
सारंगढ़ में युवक की चाकू मारकर हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार और एक अपचारी बालक अभिरक्षा में, पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के कोसीर थाना क्षेत्र में युवक की चाकू मारकर की गई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों ने पुराने विवाद और रंजिश के चलते युवक की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ वारदात के बाद जलाए गए कपड़ों के अवशेष और राख भी बरामद की है।
तालाब के पास घायल अवस्था में मिला था युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक संजय सुमन ग्राम भांठागांव स्थित रंजीता तालाब के नीचे मुख्य मार्ग के पास घायल अवस्था में मिला था। उसके सीने, पेट, पसली और बाएं हाथ की कलाई के पास धारदार हथियार से गंभीर चोटें थीं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई थी।
मृतक के पिता रामप्रसाद सुमन की जानकारी और मर्ग जांच के आधार पर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। जिला अस्पताल सारंगढ़ से प्राप्त शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मौत का कारण चाकू के घावों से उत्पन्न रक्तस्रावी आघात (Hemorrhagic Shock) बताया। साथ ही मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पीछा कर रोका, फिर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
पुलिस की जांच में सामने आया कि 8 नवंबर 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच संजय सुमन अपने दोस्त ओमप्रकाश उर्फ धोंडू के घर से साइकिल लेकर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान साहिल सुमन, पंकज जोल्हे और एक अपचारी बालक पुराने विवाद की रंजिश को लेकर उसे मारने की नीयत से चाकू लेकर उसका पीछा कर रहे थे।
तीनों स्कूटी से संजय का पीछा करते हुए हीरा हार्डवेयर के आगे पहुंचे। यहां साहिल ने स्कूटी रोककर कमर में रखा चाकू निकाला और संजय के सीने तथा पेट पर कई वार कर दिए। इस दौरान पंकज ने संजय के पैर पकड़ रखे थे, जबकि अपचारी बालक ने उसके हाथ पकड़ रखे थे।
इसी बीच मुख्य मार्ग पर वाहनों की लाइट दिखाई देने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। अपचारी बालक मुख्य मार्ग की ओर, पंकज खेत की तरफ और साहिल स्कूटी से कोसीर की ओर भाग निकला।
वारदात के बाद चाकू फेंका, कपड़े जलाकर मिटाए साक्ष्य
घटना के बाद साहिल ने वारदात में इस्तेमाल चाकू झाड़ियों की ओर फेंक दिया। वहीं साहिल और अपचारी बालक ने अजय खूटे के नवनिर्मित मकान के पीछे अपने पहने हुए कपड़ों को जला दिया, ताकि घटना से जुड़े साक्ष्य मिटाए जा सकें।
पुलिस ने विवेचना के दौरान 11 नवंबर को आरोपी साहिल सुमन के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। इसके अलावा अजय खूटे के नवनिर्मित मकान के पीछे से जले हुए कपड़े और राख भी जब्त की गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, अपचारी बालक अभिरक्षा में
पुलिस ने मामले में साहिल सुमन और पंकज जोल्हे को 11 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया। वहीं अपचारी बालक के संबंध में सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 238 एवं 3(5) भी प्रकरण में जोड़ी गई हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों और अपचारी बालक को न्यायिक रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोसीर निरीक्षक आर.एन. साय, PSI नेहा चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक भीम सेन सिदार, जयराम साहू, छत्रपति जोल्हे तथा आरक्षक धनसाय कुर्रे, विकास पटेल, सुरेश बर्मन, उमेश जांगड़े सहित थाना कोसीर के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
