Raigarh: सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ निगम की बड़ी कार्रवाई, 24 ठेला-गुमटियां हटाई गईं, सिग्नल चौक से चक्रधर नगर चौक तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 21 हजार जुर्माना वसूला
Raigarh: सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ निगम की बड़ी कार्रवाई, 24 ठेला-गुमटियां हटाई गईं, सिग्नल चौक से चक्रधर नगर चौक तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 21 हजार जुर्माना वसूला
रायगढ़। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निवारण दस्ते ने सिग्नल चौक से चक्रधर नगर चौक तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए 24 ठेला-गुमटियों के स्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। वहीं स्थायी रूप से निर्माण कर संचालित किए जा रहे 13 ठेलों को जब्त किया गया। अतिक्रमण निवारण दस्ते ने नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 21 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूल किया।
सड़क और फुटपाथ आम नागरिकों के लिए हैं, अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा : कमिश्नर क्षत्रिय
इस संबंध में निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क और फुटपाथ का उपयोग नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन के लिए है। इन्हें अतिक्रमण मुक्त रखना निगम प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। संबंधित व्यवसायियों को भी निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करने और सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई है। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों एवं ठेला संचालकों से सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने तथा शहर की यातायात व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने कि अपील की है।
