Raigarh: महिला के गले से सोने की माला छीनी, बेटे के साथ सब्जी खरीदने आई थी, बाइक पर बैठते समय बदमाश ने मारा झपट्टा

रायगढ़ November 11, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh: महिला के गले से सोने की माला छीनी, बेटे के साथ सब्जी खरीदने आई थी, बाइक पर बैठते समय बदमाश ने मारा झपट्टा

Raigarh: महिला के गले से सोने की माला छीनी, बेटे के साथ सब्जी खरीदने आई थी, बाइक पर बैठते समय बदमाश ने मारा झपट्टा

रायगढ़। रायगढ़ में महिला के गले से अज्ञात युवक सोने की माला छीनकर फरार हो गया। महिला अपने बेटे के साथ सब्जी खरीदने संजय मार्केट आई थी। बाजार से लौटते समय जब वह बाइक की पिछली सीट पर बैठ रही थी, तभी आरोपी ने पीछे से झपट्टा मारकर माला खींच लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। सोनूमुड़ा नयापारा निवासी सुमित्रा यादव (52) अपने बेटे आशीष यादव के साथ बाइक से सब्जी खरीदने संजय मार्केट आई थी। सब्जी खरीदने के बाद दोनों घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सुमित्रा बाइक की पिछली सीट पर बैठ रही थी, तभी पीछे से एक अज्ञात युवक आया और उनके गले में पहनी 14 पत्ती वाली सोने की माला खींचकर भागने लगा।

 

झपट्टा मारने से माला टूटकर नीचे गिर गई। उसमें लगी 14 सोने की पत्तियों में से 11 नीचे गिर गईं, जबकि आरोपी 3 पत्तियां लेकर बाजार की तरफ तेजी से भाग निकला। चोरी गई सोने की पत्तियों की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है।

गुलाबी शर्ट पहने था आरोपी

घटना के बाद आसपास के इलाके में आरोपी की तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। महिला के मुताबिक, आरोपी की उम्र करीब 25 से 30 साल थी। उसने गुलाबी रंग की शर्ट पहन रखी थी।

इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 304 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

खबर शेयर करें: