रायगढ़ में दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी, CCTV कनेक्शन काटकर दो दुकानों के ताले तोड़े, डेढ़ किलो चांदी और 1.59 लाख नकद पार
रायगढ़ में दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी, CCTV कनेक्शन काटकर दो दुकानों के ताले तोड़े, डेढ़ किलो चांदी और 1.59 लाख नकद पार
रायगढ़। रायगढ़ में दीपावली के अगले दिन रात दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटना हुई है। अज्ञात चोरों ने एक दुकान से करीब डेढ़ किलो चांदी और डेढ़ लाख रुपए कैश पार कर दिए।
वहीं, दूसरी दुकान से 8 हजार रुपए कैश चोरी किए। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
ऑफिस की अलमारी से चांदी और कैश चोरी
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ निवासी प्रदीप गर्ग का गौरीशंकर मंदिर रोड पर श्रीराम उद्योग के नाम से ऑफिस है। बीती रात अज्ञात चोरों ने ऑफिस के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
इसके बाद अलमारी में रखी करीब डेढ़ किलो चांदी और डेढ़ लाख रुपए कैश चोरी कर फरार हो गए। सुबह प्रदीप गर्ग का स्टाफ ऑफिस खोलने पहुंचा तो शटर का ताला टूटा मिला।
उसने इसकी जानकारी प्रदीप गर्ग को दी। इसके बाद प्रदीप गर्ग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि श्रीराम उद्योग ऑफिस के ठीक सामने स्थित अशोक टी कंपनी की दुकान का ताला भी तोड़ा गया है। यहां से चोर करीब 8 हजार रुपए कैश चोरी कर ले गए। दोनों दुकानों में चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
CCTV कैमरों के तार काटे, दूसरी जगह कैमरे का डायरेक्शन बदला
शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोरों ने अशोक टी कंपनी में लगे CCTV कैमरों का कनेक्शन काट दिया था। वहीं, पास में स्थित जगदीश दूध डेयरी के बाहर लगे कैमरे का डायरेक्शन भी बदल दिया था। ऐसा इसलिए किया गया, ताकि चोरी की वारदात कैमरों में रिकॉर्ड न हो सके।
पुलिस के मुताबिक, चोरी की घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई है। फिलहाल पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
