दुर्ग में CAF जवान का अपहरण कर मारपीट, 11 लाख के लेन-देन का विवाद, रायगढ़ की छठवीं बटालियन में पदस्थ है जवान, दो गिरफ्तार
दुर्ग में CAF जवान का अपहरण कर मारपीट, 11 लाख के लेन-देन का विवाद, रायगढ़ की छठवीं बटालियन में पदस्थ है जवान, दो गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र में 11 लाख रुपए के लेन-देन के विवाद में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक जवान का अपहरण कर उसे बंधक बनाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। सीएफ के जवान की रायगढ़ में पोस्टिंग है। आरोप है कि जवान को बस स्टैंड से अगवा कर एक मकान में ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट कर स्टाम्प पेपर पर जबरन लिखापढ़ी कराई गई।
इसके बाद उसे बंधक बनाकर रखा गया। जवान किसी तरह जान बचाकर भागने में कामयाब रहा। जवान ने जंगल में छिपकर अपनी जान बचाई। इसके बाद जवान ने अपने यूनिट में फोन कर इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। जैसे ही दुर्ग पुलिस को इसकी सूचना मिली तो दुर्ग पुलिस ने रात भर जवान की खोजबीन की।
सुबह सीएफ के जवान को पुलिस ने खोज निकाला। पुलिस ने सीएफ जवान की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध किया। मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरजिंदर कौर (47) और कृष्ण कुमार सिन्हा (37) के रूप में हुई है।
बस स्टैंड से जवान को ले गए मकान में
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित जवान विजय शील 6वीं बटालियन रायगढ़ में पदस्थ है। बताया जा रहा है कि जवान का महिला से करीब 11 लाख रुपए के पुराने लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच वह दुर्ग पहुंचा था।
इसके बाद वह कोतवाली के पास जब जाने लगा तो उस वक्त जवान को जबरदस्ती अपने साथ ले गए। इसके बाद उसे पुलगांव थाना क्षेत्र के गोकुल नगर के पास एक कॉलोनी के मकान में रखा गया। यहां उसके साथ मारपीट की गई और स्टाम्प पेपर पर लिखा-पढ़ी कराई गई।
मोबाइल से वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी लोकेशन
बंधक बनाए जाने के दौरान जवान ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने मोबाइल फोन से कमांडेंट और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी लाइव लोकेशन भेज दी। लोकेशन मिलने के बाद अधिकारियों और पुलिस को उसकी स्थिति का पता चला।
इसके बाद मौके पर पहुंचकर जवान को छुड़ाया गया। हालांकि, घटना के दौरान जवान को आई चोटों और बचाव अभियान के विस्तृत घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध जानकारी में नहीं है।
अपहरण समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज
पुलगांव थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 899/2026 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 251, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस मामले में 11 लाख रुपए के लेन-देन, अपहरण और मारपीट से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। इधर बताया जा रहा है कि महिला शहर के ट्रांसपोर्टर की दूर के रिश्तेदार बहन बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।