प्रतिष्ठित तुलसी होटल परिवार की बहु हुई लूट की शिकारः चाकू की नोक पर सोनिया अग्रवाल से पांच लाख के जेवर लूटे
प्रतिष्ठित तुलसी होटल परिवार की बहु हुई लूट की शिकारः चाकू की नोक पर सोनिया अग्रवाल से पांच लाख के जेवर लूटे
सप्ताहभर में लूट-चैन स्नेचिंग की दूसरी वारदात
स्टेडियम रोड दुर्गा मंदिर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को बनाया निशाना
बच्चों को जान से मारने की धमकी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
रायगढ़ टॉप न्यूज 3 अक्टूबर। चक्रधरनगर क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बोइरदादर स्टेडियम रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने चाकू की नोक पर रोक लिया और उसके सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने महिला पर चाकू से वार भी किया, जिससे उसके हाथ में चोट आई है। लूटे गए जेवरों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
चक्रधरनगर बंगलापारा निवासी सोनिया अग्रवाल पति विकास अग्रवाल (तुलसी होटल परिवार) शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। बताया जा रहा है कि बोइरदादर स्टेडियम रोड पर दुर्गा मंदिर के पास बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, बदमाशों ने चाकू अड़ाकर उसके सोने के दो कंगन और चेन उतरवा ली। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के हाथ पर चाकू से वार कर दिया और मौके से फरार हो गए।
बच्चों को जान से मारने की धमकी
लूट के दौरान बदमाशों ने महिला को धमकाते हुए कहा कि उसका पति बाहर गया हुआ है। यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसके बच्चे को जान से मार दिया जाएगा। घटना के बाद महिला घबराई हुई हालत में घर पहुंची और परिजनों को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद शनिवार रात चक्रधरनगर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
दो दिन पहले केलो विहार में हुई थी चैन स्नेचिंग
चक्रधरनगर क्षेत्र में लगातार सामने आ रही वारदातों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दो दिन पहले ही केलो विहार कॉलोनी में चैन स्नेचिंग की वारदात हुई थी। अब स्टेडियम रोड पर महिला से चाकू की नोक पर लूट की घटना सामने आने से क्षेत्र की महिलाओं में दहशत का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस्पात टाइम्स से बातचीत में बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही गई है।