आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों का किया सम्मान, हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों का किया सम्मान, हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव
रायगढ़, 3 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ के राजापारा सेक्टर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र इंदिरानगर-ए में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी शामिल हुए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों का अवलोकन किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, अरुणधर दीवान, विकास केडिया, मधु लता पटेल, बलबीर शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री चौधरी ने 3 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 3 सहायिकाओं एवं 3 मितानिनों को शाल, श्रीफल एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान 5 बच्चों ने बालगीत की प्रस्तुति दी। दो हितग्राहियों ने शासकीय योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। वहीं 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सेवा कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ते हुए जरूरतमंदों तक शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा आयोजित की जा रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के पोषण और स्वास्थ्य पर ध्यान देने के साथ लोगों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने इस अभियान में अधिक से अधिक समुदाय की सहभागिता की अपील की।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण पाण्डेय ने बताया कि आंगन मिलन सेवा के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में मजबूत किया जा रहा है। जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में 7 अक्टूबर तक यह गतिविधियां जारी रहेंगी। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी, सेक्टर पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं मितानिनें भी उपस्थित रहीं।