Raigarh News: विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर मंत्री चौधरी नाराज, मंथली टारगेट तय करने के निर्देश
Raigarh News: विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर मंत्री चौधरी नाराज, मंथली टारगेट तय करने के निर्देश
गोवर्धनपुर पुल, मरीन ड्राइव और ऑक्सीजोन समेत शहर की विभिन्न परियोजनाओं का किया निरीक्षण
रायगढ़। वित्त मंत्री एवं शहर विधायक ओपी चौधरी ने शनिवार को शहर में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने राजीव नगर दूध डेयरी ऑक्सीजोन, गोवर्धनपुर पुल, बेलादुला मरीन ड्राइव, रपटा-स्टाफ डैम एवं एसईसीएल मरीन ड्राइव और पुलिया का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री चौधरी ने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय लक्ष्य के अनुरूप गति बढ़ाने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बरसात के बाद निर्माण के लिए अनुकूल मौसम का अधिकतम उपयोग करने की बात कही।
गोवर्धनपुर पुल पर विशेष फोकस
गोवर्धनपुर पुल के निर्माण की धीमी गति पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने सेतु विभाग के इंजीनियर्स को मंथली टारगेट तय कर हर माह उसकी पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुल निर्माण के साथ सड़क निर्माण और विद्युत पोल शिफ्टिंग का काम भी जल्द पूरा करने को कहा गया।
मरीन ड्राइव में बनेगा वॉकवे, कनेक्टिविटी पर जोर
बेलादुला मरीन ड्राइव में रपटा और स्टाफ डैम निर्माण को स्थानीय लोगों की जरूरतों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। एसईसीएल मरीन ड्राइव और पुलिया के निरीक्षण के दौरान ड्राइंग-डिजाइन के अनुरूप काम पूरा करने पर जोर दिया गया। नदी के बीच वॉकवे की संभावनाओं के लिए प्लान तैयार करने तथा मरीन ड्राइव को मुख्य सड़क और हाईवे से जोड़ने के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
ऑक्सीजोन समेत अन्य कार्यों की समीक्षा
राजीव नगर ऑक्सीजोन सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम में तेजी लाने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने तथा बेहतर सामग्री के उपयोग पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, नगर निगम, हाउसिंग बोर्ड, पीडब्ल्यूडी, सेतु विभाग एवं एसईसीएल के अधिकारी, कार्यपालन अभियंता, इंजीनियर, स्थानीय पार्षद एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।