Raigarh News: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सिंदूर पार्क में 350 दिव्यांगजनों को वितरित किया सहायक उपकरण, सिन्दूर पार्क में स्थायी मंच निर्माण के लिए की घोषणा
Raigarh News: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सिंदूर पार्क में 350 दिव्यांगजनों को वितरित किया सहायक उपकरण, सिन्दूर पार्क में स्थायी मंच निर्माण के लिए की घोषणा
मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने, स्वस्थ दिनचर्या अपनाने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर दिया जोर
नशामुक्त भारत अभियान एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए वित्त मंत्री
रायगढ़, 3 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को सिन्दूर पार्क में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नशामुक्त भारत अभियान एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी.चौधरी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राज्यगीत से हुई। इसके बाद वित्त मंत्री चौधरी ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कार्यक्रम में 350 दिव्यांगजनों को करीब 60 लाख रुपए की लागत के विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किया। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। वित्त मंत्री चौधरी ने सिन्दूर पार्क में स्थायी एवं भव्य मंच निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्क में उपयुक्त स्थान का चयन कर ऐसा मंच बनाया जाना चाहिए, जिसका उपयोग अलग-अलग आयोजनों में किया जा सके। इससे बार-बार अस्थायी मंच और टेंट लगाने की आवश्यकता नहीं होगी तथा कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना केवल सामग्री वितरण नहीं, बल्कि उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग करना है। ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, ब्रेल किट सहित अन्य उपकरणों से आवागमन, शिक्षा और दैनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सेवा का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी आवश्यकता को पूरा करना है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने उपकरण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जरूरतमंदों तक शासकीय सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता लगातार समाज के बीच ले जाने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। परिवार और समाज भी नशे की ओर बढ़ रहे युवाओं को समय रहते सही दिशा देने में अपनी भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता करते हुए ‘नशा सब कुछ नाश कर देता है। स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन हेतु नशामुक्ति अपनाएं’ का संदेश दिया। वित्त मंत्री चौधरी ने युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल ज्ञान, जरूरी काम और संवाद का उपयोगी साधन है, लेकिन इसका अत्यधिक इस्तेमाल आदत में बदल सकता है। युवाओं को सोशल मीडिया और रील्स में जरूरत से ज्यादा समय देने के बजाय पढ़ाई, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार मोबाइल देखने से एकाग्रता, नींद, आंखों और स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।
स्वस्थ जीवनशैली के साथ स्वरोजगार पर भी ध्यान दें युवा
वित्त मंत्री चौधरी ने युवाओं से फास्ट फूड के अत्यधिक सेवन से बचने तथा पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने नियमित योग-व्यायाम, समय पर सोने-जागने और व्यवस्थित दिनचर्या अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहिए। कौशल और नई तकनीक की जानकारी के माध्यम से युवा स्वयं रोजगार पाने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर सकते हैं। रायगढ़ में युवाओं के लिए उपलब्ध शैक्षणिक एवं कौशल विकास सुविधाओं का उल्लेख करते हुए प्रयास विद्यालय, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज, नेचुरोपैथी कॉलेज, नव गुरुकुल और नालंदा परिसर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रिपल आईटी के सहयोग से रायगढ़ के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई तकनीक के साथ युवाओं को अपने कौशल को लगातार विकसित करना चाहिए।
नशामुक्त भारत की शपथ लेकर दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी सहित उपस्थित लोगों ने नशामुक्त भारत की शपथ ली। शपथ के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान के प्रति स्वयं जागरूक रहने, परिवार एवं समाज को जागरूक करने तथा नशे की गिरफ्त में आए लोगों को इससे बाहर आने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान कार्यक्रम में नशे से दूर होकर सामान्य जीवन की दिशा में आगे बढ़ रहे प्रदीप पुरी गोस्वामी एवं गुरु चरण मिश्रा को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दोनों ने नशामुक्त जीवन अपनाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
नशे के खिलाफ अभियान को घर-घर तक पहुंचाने की जरूरत: देवेंद्र प्रताप सिंह
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूक करना जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ प्रयासों को कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए घर-घर तक पहुंचाने की जरूरत है। परिवार, समाज और युवाओं की भागीदारी से इस दिशा में बेहतर वातावरण तैयार किया जा सकता है। नगर निगम रायगढ़ के महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि नशे का असर व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और परिवारों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई।
350 दिव्यांगजनों को जरूरत के अनुसार करीब 60 लाख के उपकरण
कार्यक्रम में 350 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप मोटराइज्ड ट्रायसायकल, सामान्य ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, डिजिटल श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक, किट, एडजेस्टेबल स्टिक, स्लेट केन, सुगम्य केन, ब्रेल किट, स्मार्टफोन, स्क्रीन रीडिंग सॉफ्टवेयर, सीपी व्हीलचेयर तथा विभिन्न प्रकार के क्रच सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। पूर्व में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में हितग्राहियों का चिन्हांकन किया गया था। शनिवार को 350 हितग्राहियों को एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के सहयोग से उपकरण उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम में अमृता मालाकार, पुष्पा नायक, ईश्वर चौहान और विशाल नागवंशी को यूडीआईडी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान हितग्राहियों और उनके परिजनों में उत्साह नजर आया।
हितग्राहियों ने कहा-अब आने-जाने में होगी आसानी
ग्राम सेमरा निवासी टेकचंद मालाकार ने बताया कि ट्रायसाइकिल नहीं होने के कारण उन्हें आने-जाने और पढ़ाई के लिए अपने पिता पर निर्भर रहना पड़ता था। अब ट्रायसाइकिल मिलने से वे स्वयं आसानी से आ-जा सकेंगे। उन्होंने शासन-प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया। पुसौर ब्लॉक के छिछोर उमरिया की आंगनबाड़ी सहायिका सुनीता शंकर ने बताया कि उन्हें पहली बार ट्रायसाइकिल मिली है। उन्होंने कहा कि अब काम के सिलसिले में आने-जाने में सुविधा होगी। ट्रायसाइकिल मिलने पर उन्होंने खुशी जताते हुए शासन-प्रशासन को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, अरुणधर दीवान, सुरेश गोयल, विजय केडिया, रमेश बेहरा, बलबीर शर्मा, शीला तिवारी, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक शिवशंकर पांडेय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एलिम्को एवं एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक और दिव्यांग हितग्राही उपस्थित रहे।