यूपी-बिहार-ओडिशा समेत कई राज्यों में शनिवार को आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी, समुद्री तटों पर न जाने की सलाह

देश September 25, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
यूपी-बिहार-ओडिशा समेत कई राज्यों में शनिवार को आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी, समुद्री तटों पर न जाने की सलाह

यूपी-बिहार-ओडिशा समेत कई राज्यों में शनिवार को आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी, समुद्री तटों पर न जाने की सलाह

 
नई दिल्लीः भले ही दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है, लेकिन देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। पिछले 48 घंटों के दौरान पूर्वी यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, विदर्भ, मध्य प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों में सबसे ज़्यादा बारिश हुई है। इन राज्यों में अगले 2-3 दिनों के दौरान भारी बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है।

अगले 24 घंटे के दौरान यहां पर होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और सिक्किम में 25-26 सितंबर के दौरान काफी बड़े इलाके में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। 26-27 सितंबर के दौरान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी झमाझम बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 27-28 सितंबर को भारी बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग की तरफ से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 25-27 सितंबर के दौरान कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 26 सितंबर को तेज हवाओं के बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में भी भारी बरसात के आसार

इसके अलावा 25-26 सितंबर के दौरान असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना है। 26 सितंबर को केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश हो सकती है।

IMD के अनुसार, 26 सितंबर को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में 27-30 सितंबर के दौरान बारिश होने की संभावना है, जबकि तटीय कर्नाटक में 26-29 सितंबर के दौरान बारिश हो सकती है।

समुद्री तटों पर न जाने की सलाह

ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों पर समुद्र में हलचल रहेगी। बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम के तटों के पास 45-55 किमी/घंटा की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने (जिनकी गति 65 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है) की संभावना है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि जब तक हालात बेहतर न हो जाएं, तब तक वे बंगाल की खाड़ी के प्रभावित हिस्सों और आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के पास न जाएं।

उत्तराखंड में रेड अलर्ट, सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 26 सितंबर को उत्तराखंड के पांच जिलों के लिए रेड अलर्ट, पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और तीन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 27 सितंबर को चार जिलों के लिए रेड अलर्ट, चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और पांच जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 सितंबर को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और उधम सिंह नगर रेड अलर्ट के दायरे में हैं, जबकि देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा ऑरेंज अलर्ट के दायरे में हैं। हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल येलो अलर्ट के दायरे में हैं। 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है; उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग के लिए ऑरेंज अलर्ट और बागेश्वर, अल्मोडा, चंपावत, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ के लिए येलो अलर्ट है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अगले दो दिनों के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए आपदा प्रबंधन और पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन से बात की और सभी संबंधित जिलों और विभागों को ज़रूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए।

खबर शेयर करें: