Raigarh: नटवर स्कूल मैदान में चला विशेष सफाई अभियान, जनभागीदारी से दिया स्वच्छता का संदेश

रायगढ़ September 25, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh: नटवर स्कूल मैदान में चला विशेष सफाई अभियान, जनभागीदारी से दिया स्वच्छता का संदेश

Raigarh: नटवर स्कूल मैदान में चला विशेष सफाई अभियान, जनभागीदारी से दिया स्वच्छता का संदेश

 

सेवा ही संकल्प अभियान के तहत सभापति डिग्री लाल साहू, उपायुक्त सुतीक्ष्ण यादव सहित निगम अमले ने की सफाई
रायगढ़। नगर निगम रायगढ़ द्वारा स्वच्छ एवं सुंदर रायगढ़ के संकल्प के साथ चलाए जा रहे ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत आज नटवर स्कूल मैदान में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम सभापति श्री डिग्री लाल साहू, उपायुक्त सुतीक्ष्ण यादव, एसडब्ल्यूएम सुपरवाइजर, स्वच्छता दीदियां, निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं सफाई अमले ने श्रमदान करते हुए मैदान की व्यापक साफ-सफाई की।

विशेष सफाई अभियान के दौरान नटवर स्कूल मैदान में जगह-जगह बिखरे सिंगल यूज प्लास्टिक, कागज, दोना-पत्तल, पैकेट, प्लास्टिक के विभिन्न सामान, डब्बे-डिब्बियां, सीसी एवं डिस्पोजल सामग्री सहित अन्य कचरे को एकत्रित कर हटाया गया। इसके साथ ही मैदान के चारों ओर फैली घास, खरपतवार एवं अन्य अवांछित सामग्री की भी सफाई कर मैदान को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया।

स्वच्छता केवल निगम की नहीं, हम सभी की जिम्मेदारी : सभापति डिग्री लाल साहू
इस अवसर पर निगम सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि शहरवासियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। सार्वजनिक मैदान और अन्य सार्वजनिक स्थान सभी के उपयोग के लिए हैं, इसलिए इन्हें स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि सफाई अभियान के दौरान मैदान से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, कागज, डिस्पोजल एवं अन्य कचरा हटाया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करें तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जब नागरिक स्वयं स्वच्छता को अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाएंगे, तभी स्वच्छ रायगढ़ का संकल्प साकार होगा।

स्वच्छता अभियान को जनअभियान बनाने महापौर की अपील
महापौर जीवर्धन चौहान ने शहरवासियों से ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ से जुड़कर स्वच्छता को जनअभियान बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब नागरिक सफाई के बाद उस स्थान को दोबारा गंदा न करने का संकल्प लें।

महापौर चौहान ने शहर वासियों से सार्वजनिक मैदानों, उद्यानों, चौक-चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर ही कचरा देने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

स्वच्छता के साथ कचरा मुक्त व्यवहार जरूरी : कमिश्नर
नगर निगम कमिश्नर श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत सफाई के साथ-साथ नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने पर भी जोर दिया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाना, गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग देना तथा सिंगल यूज प्लास्टिक से बचना स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नगर निगम के सफाई अमले द्वारा लगातार सफाई की जा रही है, लेकिन शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नागरिकों की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। सफाई के बाद उसी स्थान पर दोबारा कचरा न पहुंचे, इसके लिए सभी नागरिकों को स्वच्छता प्रहरी की भूमिका निभानी होगी।
अभियान के दौरान निगम के अधिकारी-कर्मचारी, एसडब्ल्यूएम सुपरवाइजर, स्वच्छता दीदियां एवं सफाई अमले ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए नटवर स्कूल मैदान को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में योगदान दिया।

खबर शेयर करें: