Sarangarh News: ट्रक रोककर लूट का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार, एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया, 4 बाइक समेत लूटा सामान बरामद, कई आरोपियों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज
Sarangarh News: ट्रक रोककर लूट का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार, एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया, 4 बाइक समेत लूटा सामान बरामद, कई आरोपियों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज
सारंगढ़-बिलाईगढ़। सरसींवा पुलिस ने रात के समय ट्रक रोककर चालक और उसके साथी से मारपीट कर लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल 4 मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और कोल्ड्रिंक की पेटियां बरामद की गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सुनसान सड़क पर ट्रक रोककर की थी लूट
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी राजशांति प्रकाश बिके अपने भाई के साथ ट्रक क्रमांक MH 33 T 7010 में ओडिशा के बरगढ़ से कोल्ड्रिंक की पेटियां लोड कर बिलासपुर जा रहे थे। 18 सितंबर 2026 की रात करीब 2:30 बजे गाताडीह शासकीय अस्पताल के सामने चार मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों ने ट्रक के सामने आकर उसे रोक लिया।
आरोपियों ने ट्रक के कांच पर पत्थर मारकर शीशा तोड़ दिया और चालक व उसके साथी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद उनका मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और कोल्ड्रिंक की पेटियां छीनकर आरोपी फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सरसींवा में अपराध क्रमांक 246/2026, धारा 310(2), 126(2), 324(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों तक पहुंच बनाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने सरसींवा पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर क्षेत्र में सूचना तंत्र सक्रिय किया। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने गाताडीह से सरसींवा के बीच सुनसान सड़क पर रात के समय दूसरे राज्य की गाड़ी को रोककर लूट करने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत ट्रक को रोककर चालक और उसके साथी को डराया-धमकाया और मारपीट के बाद सामान लेकर आपस में बांट लिया।
4 बाइक समेत लूटा सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल 4 मोटरसाइकिल, प्रार्थी का मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और कोल्ड्रिंक की पेटियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में यशस्वी साहू उर्फ बंटी साहू (19), यशवंत साहू उर्फ सोनू साहू (21), देवेन्द्र साहू उर्फ नानु (20), पुष्पेन्द्र चौहान (18 वर्ष 9 माह), शशांक रात्रे उर्फ राजा रात्रे (21), छोटेलाल साहू (21) और मुकेश कुर्रे (21) शामिल हैं। इनके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
कई आरोपियों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ सरसींवा और भटगांव थानों में पहले से विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
सरसींवा पुलिस की इस कार्रवाई में त्वरित सूचना संकलन, संदिग्धों से पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर लूट की संपत्ति बरामद करने में सफलता मिली।