चक्रधर समारोह में पहुंचे सांसद नवीन जिंदल, बोले- समारोह से शुरू से रहा है विशेष लगाव

रायगढ़ September 15, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
चक्रधर समारोह में पहुंचे सांसद नवीन जिंदल, बोले- समारोह से शुरू से रहा है विशेष लगाव

चक्रधर समारोह में पहुंचे सांसद नवीन जिंदल, बोले- समारोह से शुरू से रहा है विशेष लगाव

रायगढ़ टॉप न्यूज 15 सितंबर। देश के प्रमुख उद्योगपति एवं कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल मंगलवार रात रायगढ़ के प्रतिष्ठित चक्रधर समारोह में पहुंचे। करीब साढ़े 9 बजे समारोह स्थल पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने समारोह में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और मीडिया से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने चक्रधर समारोह और रायगढ़ की कला-संस्कृति को लेकर अपने पुराने जुड़ाव की बात कही। नवीन जिंदल ने कहा कि ‘बहुत खुशी हुई। मैं आज से नहीं, बल्कि पिछले 35 वर्षों से चक्रधर समारोह में आ रहा हूं।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ के लोगों में कला के प्रति विशेष लगाव है। यहां के लोग कला प्रेमी हैं और सही मायने में कला को समझते हैं। नवीन जिंदल ने कहा कि चक्रधर समारोह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि रायगढ़ की समृद्ध कला और सांस्कृतिक परंपरा की पहचान है। इतने लंबे समय से इस समारोह से जुड़े होने के कारण उनके लिए यहां आना हमेशा खास रहा है। उन्होंने समारोह में प्रस्तुत किए जा रहे कार्यक्रमों की भी सराहना की। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, सुश्री उर्वशी देवी, वरिष्ठ पत्रकार अनिल रतेरिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोग भी मौजूद रहे। उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुतियां देखीं और रायगढ़ की कला-संस्कृति से अपने लंबे जुड़ाव को याद किया।

खबर शेयर करें: