गंगरेल बांध से पानी छोड़ने के बाद महानदी का जलस्तर बढ़ा, सारंगढ़ जिला प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने नदी किनारे एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के दिए निर्देश

रायगढ़ September 13, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
गंगरेल बांध से पानी छोड़ने के बाद महानदी का जलस्तर बढ़ा, सारंगढ़ जिला प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने नदी किनारे एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के दिए निर्देश

गंगरेल बांध से पानी छोड़ने के बाद महानदी का जलस्तर बढ़ा, सारंगढ़ जिला प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने नदी किनारे एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के दिए निर्देश

 

कलमा बैराज में जलस्तर बढ़कर 194.700 मीटर पहुंचा, फिलहाल खतरे के निशान से नीचे

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 सितंबर 2026/ राज्य के सबसे बड़े गंगरेल बांध से पानी छोड़ने के बाद महानदी का जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के नदी किनारे बसे एवं संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने कहा है।

कलेक्टर ने संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, पुलिस विभाग, तहसीलदारों, जल संसाधन विभाग एवं मैदानी अमले को प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जाए तथा लोगों को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप जाने से रोका जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के कलमा बैराज में जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है। शनिवार शाम 7 बजे बैराज का जलस्तर 193.550 मीटर था, जो रविवार सुबह 7 बजे बढ़कर 194.700 मीटर पहुंच गया। हालांकि वर्तमान में जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है।

प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। तहसीलदार सारंगढ़ एन.के. सिन्हा ने बताया कि सभी संभावित प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति फिलहाल सामान्य है और नदी किनारे के क्षेत्रों में लोगों को सतर्क करने के लिए मुनादी कराई जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से नदी किनारे न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जलस्तर में होने वाले प्रत्येक बदलाव की नियमित जानकारी ली जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन तैयार रखे जाएं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्कता एवं सावधानी बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने की अपील की है।

खबर शेयर करें: