CG News: 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा युवक, 6 घंटे तक चलता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा; नीचे खड़े रहे पत्नी-बच्चे

छत्तीसगढ़ September 13, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा युवक, 6 घंटे तक चलता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा; नीचे खड़े रहे पत्नी-बच्चे

CG News: 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा युवक, 6 घंटे तक चलता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा; नीचे खड़े रहे पत्नी-बच्चे

 

कोरबा। जिले में रविवार को एक हैरान कर देने वाला हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। करतला थाना क्षेत्र के नोन्दरहा के बरकोंना गांव में एक शादीशुदा युवक 150 फीट ऊंचे ट्रांसमिशन के हाईटेंशन लाइन टॉवर पर चढ़ गया और सुबह चढ़ा और करीब 6 घंटे तक नीचे नहीं उतरा। टॉवर पर चढ़े युवक की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और उसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस और प्रशासन के लिए भी यह मामला सिरदर्द बन गया।

जानकारी के अनुसार युवक का नाम देव सिंह राठिया बताया जा रहा है, जो शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। बताया गया कि घटना के समय युवक शराब के नशे में धुत था। दोपहर के समय अचानक वह गांव के पास लगे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ने लगा। देखते ही देखते वह टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से टॉप तक पहुंच गया।

युवक को टॉवर पर चढ़ता देख पत्नी, बच्चे और गांव के लोग नीचे से उसे उतरने के लिए मनाते रहे, चिल्लाते रहे, लेकिन वह किसी की सुनने को तैयार नहीं था। कभी वह टॉवर के ऊपर जाता तो कभी थोड़ा नीचे आता, फिर ऊपर चढ़ जाता। उससे ऊपर चढ़ने का कारण पूछा गया तो वह कुछ भी बताने को तैयार नहीं था, सिर्फ टॉवर पर बैठा रहा।

घटना की सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार को भी मौके पर बुलाया गया। हाईटेंशन लाइन में हजारों वोल्ट का करंट होने से उसकी जान को खतरा था, इसलिए पुलिस बेहद सावधानी से उसे समझाने में जुटी रही।

लगभग 6 घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद आखिरकार युवक नीचे उतरने को राजी हुआ। जैसे ही वह नीचे उतरा, वहां मौजूद लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली।

करतला थाना प्रभारी गणेश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। तहसीलदार के साथ मिलकर युवक को काफी देर तक समझाया गया, तब जाकर वह नीचे उतरा। युवक नशे में था, उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस ने युवक को समझाइश देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

खबर शेयर करें: