Raigarh News: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पहिए के चपेट में आया सिर, हादसे के बाद भागा ड्राइवर
Raigarh News: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पहिए के चपेट में आया सिर, हादसे के बाद भागा ड्राइवर
रायगढ़। रायगढ़ जिले में सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन के चालक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक सड़क पर गिर गया और पहिए के नीचे सिर आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है।
यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे रायगढ़-चंद्रपुर मार्ग पर तेतला पेट्रोल पंप के पास हुआ। अज्ञात वाहन के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक बाइक से छिटककर सड़क पर गिर गया। पहिए के नीचे सिर आने से उसकी मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 साल बताई जा रही है।
पुलिस ने शव अस्पताल भेजा
हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और शव को अस्पताल भेजा गया। पुलिस युवक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
4 महीने पहले भी हुई थी दो युवकों की मौत
तेतला गांव के लोगों के मुताबिक, इस सड़क पर भारी वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं। सड़क के किनारे कई गांव भी बसे हुए हैं। तेतला पेट्रोल पंप और चौक के आसपास अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। करीब चार महीने पहले भी इसी जगह ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई थी। दोनों युवक बाइक से किरोड़ीमल जा रहे थे, तभी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी थी।