9 सितंबर को जिला कांग्रेस करेगी चीनी सत्याग्रह, खाद्य विभाग को सौंपेगी ज्ञापन

रायगढ़ September 8, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
9 सितंबर को जिला कांग्रेस करेगी चीनी सत्याग्रह, खाद्य विभाग को सौंपेगी ज्ञापन

9 सितंबर को जिला कांग्रेस करेगी चीनी सत्याग्रह, खाद्य विभाग को सौंपेगी ज्ञापन

पांच महीने से अंत्योदय परिवार चीनी से वंचित और आम जनता चीनी की महंगाई से बेहाल
रायगढ़ 8 सितंबर। अंत्योदय परिवारों को पिछले पांच महीनों से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से चीनी नहीं मिलने और बाजार में चीनी की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव व ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी के संयुक्त नेतृत्व में 9 सितंबर को महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर चीनी सत्याग्रह आंदोलन किया जाएगा। सत्याग्रह के पश्चात खाद्य विभाग को ज्ञापन सौंपकर अंत्योदय परिवारों को तत्काल चीनी उपलब्ध कराने एवं चीनी की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण की मांग की जाएगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि सरकार गरीबों के हित में बड़ी-बड़ी घोषणाएं करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि अंत्योदय परिवारों को पांच महीने से उनके राशन में मिलने वाली चीनी तक नहीं मिल रही है। दूसरी ओर बाजार में चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। गरीब परिवारों को राहत देने के बजाय सरकार उन्हें महंगाई के बोझ तले दबा रही है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सस्ती दर में चीनी की उपलब्धता पर गरीब अंत्योदय परिवारों का अधिकार है, उसे पांच महीने तक रोककर रखना और दूसरी ओर बाजार में उसकी कीमतों का बढ़ना सरकार की खाद्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस इस अन्याय को चुपचाप सहन नहीं करेगी। शाखा यादव ने कहा कि  कांग्रेस द्वारा चलाया जा रहा चीनी सत्याग्रह केवल चीनी की मांग का आंदोलन नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के अधिकार और बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज है।  जिला कांग्रेस आम जनता और कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पहुंचकर इस आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील करती है।
खबर शेयर करें: