देश

नवीन जिन्दल फाउंडेशन ने लॉन्च किया ‘प्रोजेक्ट साहस’, कारागार सुधार की दिशा में नई पहल

 





कैथल: 16 जुलाई। नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा एक निजी प्रतिष्ठान में ‘प्रोजेक्ट साहस’ का पोस्टर जारी कर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर शुभम ऐरी ने परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की जेलों में बंदियों के समग्र विकास एवं पुनर्वास को समर्पित है। परियोजना के माध्यम से बंदियों को स्वास्थ्य, आत्मबल, हुनर, अधिकार और सम्मान (SAHAS) से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि सजा पूरी होने के बाद वे आत्मविश्वास के साथ समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।

कार्यक्रम में सांसद श्री नवीन जिन्दल के कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान एवं आवेश सिंह ने पत्रकारों के साथ सांसद नवीन जिन्दल का विजन साझा करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन तभी संभव है, जब सुधार और पुनर्वास को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि ‘प्रोजेक्ट साहस’ इसी सोच को साकार करने की एक सार्थक पहल है।

शुभम ऐरी, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर
“प्रोजेक्ट साहस का उद्देश्य केवल बंदियों तक सुविधाएँ पहुँचाना नहीं, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास, कौशल और नई सोच का विकास करना है। स्वास्थ्य, आत्मबल, हुनर, अधिकार और सम्मान के पांच स्तंभों पर आधारित यह अभियान उन्हें समाज में सम्मानजनक पुनर्स्थापना का अवसर प्रदान करेगा।”

रविन्द्र धीमान, कैथल कार्यालय प्रभारी, सांसद नवीन जिन्दल
“सांसद श्री नवीन जिन्दल का स्पष्ट विजन है कि हर व्यक्ति को जीवन में दूसरा अवसर मिलना चाहिए। प्रोजेक्ट साहस इसी मानवीय सोच का विस्तार है, जो बंदियों को सुधार, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक पुनर्वास की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।”

आवेश सिंह
“यह पहल केवल कारागार सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का अभियान है। हमें विश्वास है कि प्रोजेक्ट साहस बंदियों के जीवन में नई उम्मीद जगाएगा और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।







raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button