रायगढ़

Raigarh: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

 रायगढ़। जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटी चौक-कोरबा मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष दास (25 वर्ष), निवासी ग्राम हाटी के रूप में की गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाटी चौक-कोरबा मार्ग पर संतोष दास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर इन दिनों फ्लाईऐश परिवहन में लगे भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं। उनका कहना है कि आए दिन बेलगाम गति से चल रहे वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी फ्लाईऐश वाहन की चपेट में आने से ही यह हादसा हुआ होगा। हालांकि पुलिस अभी वाहन की पहचान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही छाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त कराने की कोशिश की। वहीं शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं तथा दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button