रायगढ़

जिंदल स्टील का हरित संकल्प, रैली और पौधरोपण से दिया संरक्षण का संदेश

 विश्व पर्यावरण दिवस पर रैली, पौधरोपण एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से दिया गया संरक्षण का संदेश

रायगढ़। जिंदल स्टील लिमिटेड के रायगढ़ संयंत्र में विश्व पर्यावरण दिवस प्रकृति संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर कार्यपालन निदेशक सहित जिंदल स्टील परिवार के सदस्यों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

हरियाली और पर्यावरण संरक्षण जिंदल स्टील की कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संयंत्र परिसर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण प्रबंधन विभाग द्वारा विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की शुरुआत शुक्रवार सुबह आयोजित पर्यावरण रैली से हुई। कार्यपालन निदेशक श्री देबोज्योति रॉय के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली अपनाने तथा सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री रॉय ने कहा कि हरियाली और पर्यावरण संरक्षण कंपनी के चेयरमैन श्री नवीन जिंदल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि समूह के सभी संयंत्रों में पर्यावरणीय संतुलन एवं हरित विकास को विशेष महत्व दिया जाता है, जिसका प्रत्यक्ष अनुभव रायगढ़ संयंत्र एवं इसके आसपास विकसित हरित क्षेत्र में देखा जा सकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही कंपनी द्वारा कार्बन फुटप्रिंट में कमी लाने, सतत विकास को बढ़ावा देने तथा पर्यावरणीय प्रभाव को न्यूनतम करने के लिए संचालित विभिन्न परियोजनाओं एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संयंत्र के विभिन्न विभागों के बीच ग्रीन डिपार्टमेंट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पॉवर प्लांट विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि स्टील मेल्टिंग शॉप द्वितीय एवं एसएएफ विभाग तृतीय स्थान पर रहा। इसके अलावा पर्यावरण विषय पर चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनके विजेताओं को सम्मानित किया गया। सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों के अंतर्गत संयंत्र के समीप स्थित ग्राम चिराईपानी एवं खैरपुर के शासकीय विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लगभग 280 विद्यार्थियों ने भाग लिया। पर्यावरण प्रबंधन विभाग की टीम ने गांवों में पहुंचकर बच्चों एवं ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण की महत्ता, प्रदूषण नियंत्रण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया। वहीं हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा सीटीएल एवं सीमेंट संयंत्र परिसर में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे रोपकर उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिंदल स्टील ने एक बार फिर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।





















IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button