जनदर्शन: मुआवजा, पेंशन, पीएम आवास, राजस्व एवं विकास कार्यों से जुड़े आवेदनों पर प्रशासन ने लिया संज्ञान

रायगढ़ June 1, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
जनदर्शन: मुआवजा, पेंशन, पीएम आवास, राजस्व एवं विकास कार्यों से जुड़े आवेदनों पर प्रशासन ने लिया संज्ञान

जनदर्शन: मुआवजा, पेंशन, पीएम आवास, राजस्व एवं विकास कार्यों से जुड़े आवेदनों पर प्रशासन ने लिया संज्ञान

 

नियमानुसार जांच एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

रायगढ़, 1 जून 2026/ जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में सोमवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों को प्रशासन के समक्ष रखा। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ नहीं मिलने, राजस्व प्रकरणों के निराकरण, अतिक्रमण हटाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा विकास कार्यों से जुड़े अनेक आवेदन जनदर्शन में प्राप्त हुए। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन में एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने एक-एक कर आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में ग्राम घुटकूपाली के गोकुल चौहान ने वृद्धावस्था पेंशन की राशि कई महीनों से प्राप्त नहीं होने की शिकायत करते हुए सामाजिक पेंशन पुनः प्रारंभ कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर एडीएम ने समाज कल्याण विभाग को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम पामगढ़ के भुवनेश्वर पटेल ने फौती नामांतरण दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया, वहीं ग्राम बटूराकछार के कंवलदास महंत ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। इसी प्रकार ग्राम साल्हेओना के सरपंच ने सपनई एनीकट में मिट्टी बंधान कार्य कराए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत करते हुए ग्रामीणों की सुविधा एवं जल संरक्षण की दृष्टि से कार्य स्वीकृत कराने की मांग की। ग्राम कुरमापाली की निर्मला देवी साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन दिया।

जनदर्शन में इसके अलावा भी राजस्व, पंचायत, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। एडीएम टोप्पो ने सभी प्रकरणों पर गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना है और प्राप्त आवेदनों के निराकरण की नियमित समीक्षा भी की जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

खबर शेयर करें: