रायगढ़ डिग्री कॉलेज में एबीवीपी का जोरदार प्रदर्शन, शिक्षक पर अभद्र व्यवहार का आरोप
रायगढ़ डिग्री कॉलेज में एबीवीपी का जोरदार प्रदर्शन, शिक्षक पर अभद्र व्यवहार का आरोप
रायगढ़ टॉप न्यूज 29 मई। किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कॉलेज प्रबंधन और एक अतिथि व्याख्याता पर छात्र-छात्राओं से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार अंग्रेजी विषय की प्रायोगिक परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कॉलेज पहुंचे थे। इसी दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि संबंधित अतिथि व्याख्याता द्वारा बार-बार विद्यार्थियों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया जाता है, जिससे छात्र-छात्राओं में आक्रोश व्याप्त है। छात्रों ने उक्त व्याख्याता को हटाने की मांग करते हुए कॉलेज परिसर में नारेबाजी की और प्राचार्य कक्ष पहुंचकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों द्वारा प्राचार्य कक्ष में तोड़फोड़ किए जाने और वाटर कूलर क्षतिग्रस्त किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं छात्र-छात्राओं ने कॉलेज में पेयजल की उचित व्यवस्था नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि भीषण गर्मी में परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों के लिए पीने के पानी तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि कॉलेज प्रशासन छात्रों की मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रहा है। प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों की समस्याओं का जल्द निराकरण करने और पेयजल व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया है।