नेशनल हाईवे किनारे छातामुड़ा बाईपास स्थित कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 10 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार
नेशनल हाईवे किनारे छातामुड़ा बाईपास स्थित कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 10 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार
हीरो शोरूम के पास मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
रायगढ़ टॉप न्यूज 23 मई। नेशनल हाईवे स्थित छातामुड़ा बाईपास में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हीरो शोरूम के बगल में स्थित एक कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसका धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर नेशनल हाईवे के एक हिस्से को अस्थायी रूप से बंद कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
आग की लपटें पास स्थित हीरो शोरूम तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए शोरूम में खड़ी सैकड़ों बाइकों को बाहर निकालकर सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया। समय रहते बाइकों को हटाए जाने से बड़ा नुकसान टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं कबाड़ गोदाम में हुए नुकसान का आकलन भी अभी नहीं हो सका है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।