बिलासपुर में बर्ड फ्लू का खतरा, मरे मुर्गे खुले में सड़ रहे, दहशत में लोग

बिलासपुर। जिले के खमतराई क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है. यहां ड्रीम सिटी कॉलोनी के पास बर्ड फ्लू के संदिग्ध मरे हुए मुर्गे खुले में फेंके गए हैं. मरे हुए मुर्गे कई दिनों से खुले में सड़ रहे हैं, जिससे इलाके में बदबू फैल रही है और लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बर्ड फ्लू की आशंका के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है. खुले में सड़ रहे मुर्गे संक्रमण फैलने का बड़ा खतरा पैदा कर रहे हैं. इस स्थिति में आसपास के लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकलने में भी संकोच कर रहे हैं.
प्रशासन से लोग नाराज
स्थानीय निवासियों ने कई बार शिकायत की, लेकिन प्रशासन की निष्क्रियता से लोग नाराज हैं. उन्होंने जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके. विशेषज्ञों का कहना है कि बर्ड फ्लू बहुत तेजी से फैलने वाला रोग है और अगर ऐसे मृत पक्षियों को सही तरीके से न निपटाया गया तो यह मानव स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकता है. बता दें, मरे हुए मुर्गों के आसपास मच्छर और अन्य कीड़े भी पाए गए, जो संक्रमण फैलाने का एक और कारण हो सकते हैं. स्थानीय लोग चाहते हैं कि प्रशासन तुरंत कदम उठाए और मृत पक्षियों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करे.
लोगों से की खास अपील
इस मामले में स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है. लोगों से अपील की जा रही है कि वे संदिग्ध पक्षियों को न छुएं और बच्चों को भी ऐसे स्थानों से दूर रखें. अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो यह बर्ड फ्लू का खतरा पूरे इलाके में फैल सकता है. यह मामला सिर्फ बिलासपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के लिए भी गंभीर बना हुआ है. फिलहाल, इस घटना से सभी लोगों में डर का माहौल बना हुआ है.
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






