CG News: विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन की XUV कार बनी आग का गोला, 7 लोगों ने कूदकर बचाई जान, कार जलकर हुई खाक

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से आज एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे। एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन को लेकर लौट रही एक लग्जरी XUV 700 कार देखते ही देखते आग का गोला बन गई। यह पूरी घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बंधवापुल के पास की है, जहाँ मौत को सामने देख कार सवारों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली के मोहतरा आई थी। बीती रात शादी की रस्में पूरी होने के बाद आज सुबह दूल्हा-दुल्हन समेत कुल 7 लोग कार में सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक ड्राइवर को गाड़ी के बोनट से धुआं निकलता महसूस हुआ। ड्राइवर ने बिना देरी किए गाड़ी रोकी, लेकिन चंद सेकंड्स के भीतर ही आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी कार के अंदर काला धुआं भर गया। दूल्हा-दुल्हन और उनके साथ मौजूद परिजनों ने आनन-फानन में खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई।
राहत की बात यह रही कि सभी 7 लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, क्योंकि उनके बाहर निकलते ही कार पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई थी। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुँचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक नई चमचमाती कार पूरी तरह जलकर कंकाल बन चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






