CG: चलती कार बनी आग का गोला, कोई जनहानि नहीं, कार जलकर खाक
CG: चलती कार बनी आग का गोला, कोई जनहानि नहीं, कार जलकर खाक
रायपुर. राजधानी रायपुर में आज शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब आमानाका ओवरब्रिज पर दौड़ रही एक कार में अचानक आग भड़क उठी। घटना उस वक्त हुई जब वाहन सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन अचानक इंजन हिस्से से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और समय रहते बाहर निकल गया। उसकी तत्परता के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उस समय ओवरब्रिज पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, लेकिन तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन के मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।